MP Politics: मध्यप्रदेश कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने देवास में मीडिया के कैमरों के सामने केंद्र की सत्ताधारी दल भाजपा के खिलाफ एक बड़ा मोर्चा खोल दिया है। तृणमूल कांग्रेस और उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना के सांसदों के पाला बदलकर NDA में शामिल होने पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा अब अनैतिक कमाई और धनबल के सहारे लोकतंत्र को बदलने में जुट गई है।
बैसाखी के सहारे सरकार
जो पार्टी चुनाव में 400 पार का खोखला नारा दे रही थी, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के चेहरों के बावजूद महज 240 सीटों पर आकर ढेर हो गई। भाजपा के पास खुद का बहुमत नहीं है, इसलिए वे बैसाखियों के सहारे सरकार चला रहे हैं।
140 सीटों की भविष्यवाणी
सज्जन सिंह वर्मा ने भाजपा के भविष्य को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि तोड़-फोड़ और विधायकों-सांसदों को डरा-धमकाकर अपने पाले में करने की इस गंदी राजनीति से जनता के अंदर आक्रोश है। यदि यही चलता रहा, तो आने वाले समय में भाजपा 140 का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी।
राम मंदिर भ्रष्टाचार पर सवाल
कांग्रेस नेता ने अयोध्या मामले को लेकर भी बीजेपी को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि जिस मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के नाम पर भाजपा ने पूरे देश में वोटों की फसल काटी, आज उसी पवित्र स्थान को वित्तीय अनियमितताओं का केंद्र बना दिया गया है। राम मंदिर के नाम पर एकत्र किए गए कोष में जो गड़बड़ियां और धांधली सामने आ रही हैं, उसे देश और दुनिया की जनता अपनी खुली आंखों से देख रही है।
सज्जन की दोटूक
सज्जन वर्मा ने दोटूक कहा कि अब भाजपा को अपने जनाधार पर रत्ती भर भी भरोसा नहीं रह गया है, यही वजह है कि वे धनबल का नंगा नाच कर लोकतंत्र की मर्यादा को तार-तार कर रहे हैं।
