Suresh Pachouri BJP: मध्य प्रदेश बीजेपी के अंदर संतुलन साधने को लेकर एक बड़ी तस्वीर साफ हो गई है। बीजेपी आलाकमान ने अपनी नई 106 सदस्यीय प्रदेश कार्यसमिति का गठन कर दिया है। इस नई सूची में सबसे चौंकाने वाला और बड़ा नाम कांग्रेस का हाथ छोड़कर बीजेपी का कमल थामने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी का सामने आया है, जिन्हें संगठन में बेहद महत्वपूर्ण स्थान देकर उनके बढ़ते कद पर मुहर लगा दी गई है।
दूरी और नाराजगी पर विराम
राजनैतिक गलियारों में पिछले कई दिनों से यह चर्चा थी कि निगम-मंडलों और विकास प्राधिकरणों में मनमाफिक भागीदारी न मिलने के कारण सुरेश पचौरी और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अंदरूनी तौर पर नाराज चल रहे थे। बीजेपी ने सुरेश पचौरी को सीधे मुख्य कार्यसमिति में एंट्री देकर इस पूरी नाराजगी को शांत कर दिया है। कांग्रेस से बीजेपी में आने के बाद से जारी हुई कई सूचियों और मंचों से पचौरी का नाम नदारद दिख रहा था, लेकिन इस बार संगठन ने उन्हें मुख्य धारा में शामिल कर लिया है।
सिंधिया समर्थकों की जंबो एंट्री
संगठन ने कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत जैसे कद्दावर नेताओं को संगठन में मजबूत स्थान देकर सिंधिया समर्थक गुट को काफी पावरफुल बना दिया है। इसके अलावा पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, इमरती देवी, ओपीएस भदौरिया, माया सिंह और गिर्राज दंडोतिया समेत ग्वालियर-चंबल अंचल के कई दिग्गजों को नई कार्यसमिति में शामिल किया गया है।
