आलीराजपुर/खबर डिजिटल/कुलदीप खराड़ीया/ ग्राम टोकरीया झीरण में आज वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एल.डी.एम.श्री श्याम पाटीदार एवं बीसी संतोष चौहान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणजनों को बैंकिंग सेवाओं के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर अटल पेंशन योजना (APY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना (PM-SYM) तथा बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट अकाउंट (BSBDA) सहित शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथियों ने ग्रामीणों से बैंकिंग सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने, डिजिटल लेनदेन के दौरान सतर्क रहने तथा साइबर ठगी से बचाव के उपाय अपनाने का आग्रह किया। साथ ही पात्र हितग्राहियों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपने एवं अपने परिवार के आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता को बढ़ावा देना, नागरिकों को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों को जनहित में निरंतर जागरूक रहकर अन्य लोगों को भी वित्तीय साक्षरता एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।
