डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ डिंडौरी, समनापुर विकासखंड के अंतर्गत आने वाले अमरपुर पुलिस क्षेत्र से खाकी की संवेदनशीलता पर सवाल उठाने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक ग्रामीण महिला ने स्थानीय पुलिस चौकी पर शिकायत न सुनने और दुर्व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है। स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने से हताश पीड़िता ने न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय का दरवाजा खटखटाया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बीती 4 जुलाई की है। पीड़ित महिला ने बताया कि वह मजदूरी का काम खत्म करके अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही एक युवक राकेश पिता प्रेम सिंह ने उसका रास्ता रोक लिया। महिला का आरोप है कि युवक ने उसके साथ न केवल गाली-गलौज की, बल्कि हाथ पकड़कर उसके साथ छेड़छाड़ की और उसे जमीन पर गिराने का प्रयास भी किया। जब महिला ने शोर मचाया, तो आवाज सुनकर उसका पति मौके पर पहुंच गया, जिसे देखकर आरोपी युवक वहां से भाग निकला।
पीड़िता का कहना है कि इस घटना के बाद सोमवार, 6 जुलाई को वह अपने पति के साथ न्याय की आस लेकर अमरपुर पुलिस चौकी पहुंची थी। परंतु, वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उसकी एक न सुनी। महिला का आरोप है कि पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय उसे और उसके पति को चौकी से डांटकर भगा दिया।
पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि जब वे इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहे थे, तभी आरोपी पक्ष के परिजनों ने गांव में ही सामाजिक स्तर पर समझौता करने का आश्वासन देकर उन्हें रोक लिया। बाद में पीड़िता को पता चला कि समझौते का झांसा देकर आरोपी पक्ष ने पुलिस से सांठगांठ कर उल्टे उनके खिलाफ ही पहले रिपोर्ट दर्ज करवा दी है।
चौकी स्तर पर कोई सुनवाई न होने और खुद को झूठे मामले में फंसता देख पीड़ित महिला मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। वहाँ उसने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा सिंह को लिखित आवेदन सौंपकर अपनी आपबीती सुनाई और आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं और शिकायत पत्र को संबंधित पुलिस चौकी भेज दिया है।
मामले पर पुलिस का पक्ष
इस पूरे घटनाक्रम पर अमरपुर चौकी प्रभारी संतोष यादव का कुछ अलग ही बयान है। उन्होंने बताया कि ”बीती 4 जुलाई को ही दूसरे पक्ष की ओर से उक्त महिला और उसके पति के खिलाफ मारपीट की शिकायत चौकी में दर्ज कराई गई थी। महिला की तरफ से पहले कोई लिखित शिकायत नहीं आई थी। अब मामला उच्चाधिकारियों के माध्यम से हमारे पास आया है, इसलिए नियमानुसार जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।”
