डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ डिंडौरी, जिले में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में समनापुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने क्षेत्र के ग्राम सुन्दरपुर झांकी में चल रहे एक अवैध शराब कारोबार का भंडाफोड़ किया है। किराना व्यापारी दुकान की आड़ में लंबे समय से अवैध रूप से देशी और अंग्रेजी शराब बेचने का काम कर रहा था। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, समनापुर थाना प्रभारी को मुखबिर के जरिए सटीक जानकारी मिली थी कि ग्राम सुन्दरपुर झांकी तिराहे पर स्थित एक किराना दुकान में अवैध रूप से भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब का स्टॉक रखा गया है, जिसे वहां से बेचा जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर तिवारी के निर्देशन में तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और किराना दुकान में दबिश दी गई।
जैसे ही पुलिस टीम किराना दुकान के पास पहुंची, वहां मौजूद एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया और मौके से भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और उसे मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम फग्गु सिंह बंजारा (उम्र 45 वर्ष), निवासी ग्राम सुन्दरपुर झांकी बताया।
पुलिस ने जब किराना दुकान की सघन तलाशी ली, तो वहां भारी मात्रा में छिपाकर रखी गई अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से कुल 65.21 लीटर अवैध देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। बरामद की गई इस अवैध शराब की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹21,996 आंकी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए समनापुर पुलिस ने आरोपी फग्गु सिंह बंजारा के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेज दिया गया है।
इस अवैध शराब रैकेट का पर्दाफाश करने में समनापुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य रूप से शामिल रहे,
निरीक्षक हरिशंकर तिवारी (थाना प्रभारी)
अनिल उसराठे (सहायक उपनिरीक्षक)
कमल सिंह उइके (सहायक उपनिरीक्षक)
खेमवती मरावी
अमित पाण्डेय (प्रधान आरक्षक)
कृष्णपाल सिंह (प्रधान आरक्षक)
सुनील पट्टा (आरक्षक)
हेमंत नखाते (आरक्षक)
रामरतन मार्को (आरक्षक)
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
