डेस्क। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बना ली। अब खिताब के मुकाबले में अर्जेंटीना का सामना रविवार को स्पेन से होगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला न्यू जर्सी में खेला जाएगा।
पहला हाफ रहा गोलरहित
मर्सिडीज-बेंज स्टेडियम में खेले गए मुकाबले का पहला हाफ काफी संघर्षपूर्ण रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और खेल कई बार फाउल के कारण रुका। इंग्लैंड के डिफेंडर्स ने लियोनेल मेसी को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया, जिससे पहले 45 मिनट में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।
इंग्लैंड ने बनाई बढ़त, अर्जेंटीना ने की शानदार वापसी
दूसरे हाफ के 55वें मिनट में मॉर्गन रोजर्स के पास पर एंथनी गॉर्डन ने गोल कर इंग्लैंड को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद अर्जेंटीना ने लगातार दबाव बनाया। 85वें मिनट में मेसी ने शानदार पास दिया, जिसे एंजो फर्नांडेज ने गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया।
मेसी के पास पर मार्टिनेज ने किया निर्णायक गोल
बराबरी के कुछ ही मिनट बाद मेसी ने एक और सटीक असिस्ट किया। इस बार लाउतारो मार्टिनेज ने मौका नहीं गंवाया और गेंद को गोल में पहुंचाकर अर्जेंटीना को 2-1 की बढ़त दिला दी। अंतिम मिनटों में किए गए दो गोल की बदौलत अर्जेंटीना ने मैच अपने नाम कर लिया।
फाइनल सीटी के बाद भावुक हुए मेसी
जीत के बाद लियोनेल मेसी मैदान पर ही घुटनों के बल बैठ गए और भावुक नजर आए। अपने करियर के आखिरी दौर में खेल रहे मेसी अब लगातार दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने से सिर्फ एक कदम दूर हैं।
ये खबर भी पढ़ें..
