Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशMP Railways: 5 अगस्त से दौड़ेगी प्रयागराज-यशवंतपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन, MP के...

MP Railways: 5 अगस्त से दौड़ेगी प्रयागराज-यशवंतपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन, MP के इन प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा स्टॉपेज

बुंदेलखंड के लोगों के लिए भारतीय रेलवे ने एक बड़ी सुविधा की घोषणा की है. उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज और यशवंतपुर (बेंगलुरु) के बीच नई साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. यह ट्रेन 5 अगस्त से शुरू होगी और टीकमगढ़, छतरपुर, खजुराहो तथा ललितपुर समेत बुंदेलखंड के कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी. नई रेल सेवा शुरू होने से दक्षिण भारत में नौकरी, कारोबार और पढ़ाई करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा.

अब नहीं बदलनी पड़ेगी कई ट्रेनें

अब तक बुंदेलखंड के यात्रियों को बेंगलुरु और आसपास के शहरों तक पहुंचने के लिए कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती थी. इससे यात्रा लंबी होने के साथ अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता था. नई स्पेशल ट्रेन शुरू होने के बाद यात्रियों को सीधी और अधिक सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा. खासकर त्योहारों के दौरान घर आने-जाने वाले लोगों के लिए यह ट्रेन काफी लाभदायक साबित होगी.

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्री रेलवे आरक्षण केंद्रों या आईआरसीटीसी के माध्यम से इस स्पेशल ट्रेन के टिकट बुक करा सकेंगे.

ऐसा रहेगा ट्रेन का समय

रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन संख्या 04149 प्रयागराज-यशवंतपुर साप्ताहिक स्पेशल का संचालन 5 अगस्त से 23 सितंबर तक प्रत्येक बुधवार को किया जाएगा.

यह ट्रेन शाम 6 बजे प्रयागराज से रवाना होगी. इसके बाद गुरुवार रात 1:40 बजे खजुराहो, 3:08 बजे छतरपुर, सुबह 4:20 बजे टीकमगढ़ और 5:28 बजे ललितपुर पहुंचेगी. आगे बीना, रानी कमलापति (भोपाल), इटारसी, नागपुर और सिकंदराबाद होते हुए शुक्रवार रात 9 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी. करीब 2336 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन लगभग 51 घंटे में पूरी करेगी.

वापसी का शेड्यूल भी जारी

वापसी में ट्रेन संख्या 04150 यशवंतपुर-प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल 8 अगस्त से 26 सितंबर तक प्रत्येक शनिवार सुबह 7 बजे यशवंतपुर से रवाना होगी.

यह ट्रेन रविवार शाम 6:18 बजे ललितपुर, 7:10 बजे टीकमगढ़, रात 8:30 बजे छतरपुर और 9:20 बजे खजुराहो पहुंचेगी. इसके बाद सोमवार सुबह 6:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी. वापसी की यात्रा लगभग 47 घंटे 30 मिनट में पूरी होगी.

यात्रियों के लिए 23 कोच की सुविधा

यात्रियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए इस स्पेशल ट्रेन में कुल 23 कोच लगाए जाएंगे. इनमें 1 सेकेंड एसी, 2 थर्ड एसी, 11 स्लीपर, 7 जनरल और 2 लगेज-कम-ब्रेक वैन शामिल होंगी.

यह ट्रेन मानिकपुर, चित्रकूट धाम, बांदा, महोबा, बल्लारशाह, काजीपेट, रायचूर और गुंतकल सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी ठहरेगी. रेलवे का मानना है कि इस नई सेवा से बुंदेलखंड के यात्रियों की यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान, किफायती और सुविधाजनक हो जाएगी.

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट