डेस्क। मध्यप्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने शुक्रवार (24 जुलाई) को अलीराजपुर, रतलाम, मंदसौर, श्योपुर और पन्ना जिले में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। कुछ स्थानों पर 200 मिमी से अधिक बारिश होने की भी आशंका है।
50 से ज्यादा जिलों में बारिश और तेज हवा का असर
मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सतना, सीहोर, रायसेन, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, देवास, धार, झाबुआ, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, नीमच, शाजापुर, आगर, गुना, शिवपुरी, भिंड, मुरैना, सागर, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, मैहर, कटनी, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, शहडोल, उमरिया समेत 50 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने का अनुमान है।
25 जुलाई तक अच्छी बारिश, फिर हल्की से मध्यम बारिश के आसार
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के मुताबिक, प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय है। खासकर उज्जैन, इंदौर और ग्वालियर संभाग में बादल छाए हुए हैं। 25 जुलाई तक कई इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
सीहोर में 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटे में सीहोर जिले में 153.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो करीब 6 इंच के बराबर है। मौसम विभाग ने यहां भी अगले कुछ समय तक अच्छी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 और 26 जुलाई को भी कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवा का असर बना रहेगा। वहीं 27 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
ये खबर भी पढ़ें..
