खबर डिजिटल न्यूज़ रिपोर्टर /कटनी-– मानसून के बीच शहर में स्वच्छता, जल निकासी और जनस्वास्थ्य को लेकर नगर निगम अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में साफ शब्दों में कहा कि बारिश के दौरान सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को शहर की स्वच्छता, जलभराव रोकने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।निगमायुक्त ने स्वच्छता मित्रों की शिफ्टवार मॉनिटरिंग, वार्डवार उपस्थिति का सत्यापन और समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कीटनाशक दवाइयों, चूना और आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया।रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए व्यावसायिक क्षेत्रों में कचरा वाहनों की संख्या बढ़ाने तथा हर गली और दुकान से नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश एमएसडब्ल्यू प्रबंधन को दिए गए, ताकि सुबह शहर साफ-सुथरा दिखाई दे।सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, खुले में कचरा फेंकने और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ स्पॉट फाइन की कार्रवाई तेज करने के भी निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए।बारिश का पानी सीधे सड़कों पर बहाने वाले भवनों पर भी नगर निगम की नजर रहेगी। स्वास्थ्य विभाग और क्षेत्रीय उपयंत्रियों को संयुक्त निरीक्षण कर ऐसे भवनों की पहचान करने तथा संबंधित भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।इसके अलावा शहर में बढ़ती आवारा मवेशियों और श्वानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और सुगम यातायात नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।बैठक में स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, सहायक यंत्री आदेश जैन, एमएसडब्ल्यू प्रबंधक, स्वच्छता निरीक्षक सहित स्वास्थ्य शाखा के अधिकारी उपस्थित रहे।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी
