भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ भोपाल में लगभग 700 पेड़ों की कटाई के गंभीर मामले को लेकर सृष्टि सेवा संकल्प द्वारा नगर निगम आयुक्त एवं वन मंडल अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की गई। मामले को गंभीरता से उठाते हुए, तत्काल कार्रवाई की मांग की गई, ताकि प्रकृति से छेड़छाड़ करने वाले अन्य लोगों को भी सबक मिल सके।

निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग
ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर पेड़ों की कटाई के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों एवं संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। संगठन ने कहा कि बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई पर्यावरण संरक्षण के लिए गंभीर चुनौती है और ऐसे मामलों में लापरवाही या दोषियों को संरक्षण देना जनहित के विपरीत होगा।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति जवाबदेही की बात
सृष्टि सेवा संकल्प ने प्रशासन से आग्रह किया है कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो सृष्टि सेवा संकल्प जनहित में संविधान एवं कानून के दायरे में रहकर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आगे की रणनीति तय करेगा।
