भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश कांग्रेस की सियासत से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस की प्रदेश राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
‘संगठन सृजन’ अभियान की होगी समीक्षा
सूत्रों के मुताबिक, पीएसी की बैठक में ‘संगठन सृजन’ अभियान की अब तक की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। हालांकि, बैठक से कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं की गैरमौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व सांसद अरुण यादव बैठक में शामिल नहीं होंगे।
ये वरिष्ठ नेता नहीं रहेंगे मौजूद
जानकारी के अनुसार, दिग्विजय सिंह और अरुण यादव फिलहाल विदेश में हैं, जबकि कमलनाथ के स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते बैठक में उपस्थित नहीं रहने की बात सामने आई है। वहीं, छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुलनाथ के पीएसी की बैठक में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
दतिया का परिणाम की होगी समीक्षा
बैठक में मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी संगठन सृजन के तहत अब तक किए गए कार्यों की जानकारी लेंगे। इसके साथ ही दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणाम और पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा भी की जाएगी। कांग्रेस नेतृत्व इस दौरान चुनाव में सामने आई कमियों और संगठन स्तर पर जरूरी बदलावों को लेकर भी मंथन कर सकता है।
नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों की चर्चा
पीएसी की बैठक में आगामी नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर भी रणनीति तैयार किए जाने की संभावना है। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और चुनावी तैयारियों को गति देने के मुद्दे प्रमुखता से उठ सकते हैं।
पीएसी के सदस्य रहेंगे मौजूद
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा सहित पीएसी के अन्य सदस्य मौजूद रहेंगे। ऐसे में वरिष्ठ नेताओं की गैरमौजूदगी के बीच होने वाली यह बैठक मध्यप्रदेश कांग्रेस के आगामी संगठनात्मक और चुनावी रोडमैप के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
