पिछोर/खबर डिजिटल/ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को पिछोर में आयोजित बाइक रैली के दौरान भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी सुर्खियों में आ गए। रैली के दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने पर पुलिस ने उनका चालान काटा। विधायक ने भी यातायात नियमों का उल्लंघन स्वीकार करते हुए मौके पर ही 300 रुपये का जुर्माना भर दिया। जानकारी के मुताबिक विधायक जनसेवा कार्यालय से बाइक रैली में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। रैली बाचरोंन चौराहा, छावनी तिराहा, कॉलेज चौराहा, चुंगी नाका, राजा महादेव, बड़ा बाजार, तहसील मोहल्ला और बस स्टैंड होते हुए डांक बंगला पहुंची। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘हर घर तिरंगा’ के नारे लगाते नजर आए।
पुलिस चेकिंग के दौरान एहसास हुई गलती
डांक बंगला के पास पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान विधायक की नजर चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों पर पड़ी तो उन्होंने बाइक रोक दी। बिना हेलमेट वाहन चलाने पर पुलिस ने कार्रवाई की, जिसे विधायक ने बिना किसी विरोध के स्वीकार कर लिया। विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने बताया कि तिरंगा यात्रा के उत्साह और जल्दबाजी में वह हेलमेट पहनना भूल गए थे। चेकिंग के दौरान उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ। उन्होंने कहा कि यातायात के नियम किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि सभी के लिए समान हैं।
लोगों से भी नियमों का पालन करने की अपील
विधायक ने आम नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करना नहीं है, बल्कि स्वयं भी नियमों का पालन करना जरूरी है, ताकि दूसरों के लिए उदाहरण स्थापित किया जा सके। इसी तरह उन्होंने हेलमेट लगाने को जीवन रक्षक भी बताया, जिसके असामयिक स्थिति के समय एक कवच का नाम दिया।
आगे हेलमेट के बिना नहीं चलाएंगे बाइक
विधायक ने कहा कि भविष्य में बाइक चलाते समय वह हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करेंगे। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से भी अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने और हर बार हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाने की अपील की। रैली के दौरान विधायक का खुद का चालान कटवाना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। राजनीतिक कार्यक्रम के बीच सामने आए इस घटनाक्रम ने यातायात नियमों के पालन को लेकर एक अहम संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा के नियम जनप्रतिनिधियों समेत हर व्यक्ति पर समान रूप से लागू होते हैं।
