डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ नगर परिषद क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या से जल्द ही शहरवासियों को निजात मिलने वाली है। नगर परिषद द्वारा पूरे क्षेत्र में जलापूर्ति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ₹7.60 करोड़ की लागत से दो विशाल पेयजल टंकियों का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।
दो वार्डों में बन रही हैं टंकियां, सभी वार्ड होंगे लाभांवित
पेयजल विस्तार योजना के तहत डिंडोरी के वार्ड क्रमांक 3 और वार्ड क्रमांक 15 में नई पानी की टंकियों का निर्माण जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इन दोनों टंकियों के चालू होते ही नगर परिषद के सभी 15 वार्डों में पर्याप्त दबाव के साथ नियमित जल प्रदाय संभव हो सकेगा।
नगर परिषद प्रशासन का कहना है कि “इस महत्वाकांक्षी परियोजना का मुख्य उद्देश्य शहर के अंतिम छोर पर बसे घर तक शुद्ध और पर्याप्त पानी पहुंचाना है। निर्माण कार्य पूरा होते ही गर्मी और बारिश के दिनों में जलसंकट की समस्या खत्म हो जाएगी।”
पाइपलाइन विस्तार के लिए खुदाई से आवागमन प्रभावित
जलापूर्ति को घर-घर तक पहुंचाने के लिए मुख्य मार्गों से लेकर अंदरूनी गलियों तक पाइपलाइन बिछाने का काम तेजी से चल रहा है। हालांकि, सड़कों की खुदाई की वजह से फिलहाल कई वार्डों में राहगीरों और वाहन चालकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
आवागमन में बाधा:कांक्रीट की सड़कों से खुदाई में निकाली गई गिट्टी के ढेर और गड्ढों के कारण कई जगहों पर जाम की स्थिति बन रही है। नगर परिषद का आश्वासन: आमजन को हो रही परेशानी पर खेद जताते हुए प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि पाइपलाइन का कार्य पूर्ण होते ही सड़कों की मरम्मत कर उन्हें पुनः सुव्यवस्थित कर दिया जाएगा।
600 घरों में पहुंचे नल कनेक्शन, निरीक्षण लगातार जारी
नगर परिषद अब तक क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में करीब 600 नए पेयजल कनेक्शन दे चुकी है। शेष बचे परिवारों को भी जल्द से जल्द नल कनेक्शन से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन की ओर से टंकियों के निर्माण और पाइपलाइन बिछाने के कार्य की गुणवत्ता जांचने के लिए अधिकारियों द्वारा लगातार मैदानी निरीक्षण किया जा रहा है। अब शहरवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि यह परियोजना कब तक पूरी होती है और उन्हें नल से जल की सुविधा मिलती है।
