खबर डिजिटल रिपोर्टर कटनी / स्वतंत्रता दिवस के पूर्व 14 अगस्त को कटनी शहर में देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह करीब 9 बजे रिमझिम बारिश के बीच फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। बारिश की फुहारों के बावजूद देशभक्ति का जज्बा कम नहीं हुआ और हजारों लोगों के कदम तिरंगे की शान में आगे बढ़ते रहे।खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा पदयात्रा को रवाना किया। यात्रा में जिले के विधायक, महापौर, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ, नगर निगम आयुक्त सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।यात्रा में विधायक मुड़वारा संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल, बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, महापौर प्रीति संजीव सूरी, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरन प्रीत कौर, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक, एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।तिरंगा यात्रा फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से शुरू होकर स्टेट बैंक तिराहा, गांधी द्वार, जैन मंदिर, खेरमाई मंदिर, घंटाघर, सराफा कपड़ा बाजार, सुभाष चौक और मोहन टॉकीज होते हुए वापस फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड पहुंची। इस दौरान पूरे मार्ग पर हाथों में तिरंगा लिए लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।बारिश के बीच तिरंगे लहराते रहे और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ के नारों से शहर का वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। बैंड-बाजों की धुन और देशभक्ति के नारों ने यात्रा में शामिल लोगों के उत्साह को और बढ़ा दिया।यात्रा के दौरान ऐसा लगा मानो बारिश और देशभक्ति के जज्बे के बीच मुकाबला हो रहा हो, जिसमें देशप्रेमियों के हौसलों के सामने बारिश भी हार गई। हजारों लोगों की मौजूदगी ने कटनी शहर को कुछ घंटों के लिए पूरी तरह तिरंगामय कर दिया।फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड पहुंचने के बाद तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। इसके पश्चात सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया और देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।बारिश की बूंदों के बीच लहराता तिरंगा और हजारों लोगों का देशप्रेम—कटनी की तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर में राष्ट्रभक्ति की ऐसी तस्वीर पेश की, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।Rain-Hari-Deshbhakti-Jeeti-Katni-Me-Nikli-Bhavya-Tiranga-Yatra
रिम झिम बारिश के बीच निकली तिरंगा यात्रा बारिश हारी, देशभक्ति जीती: कटनी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
सम्बंधित ख़बरें
