मध्य प्रदेश में साइबर पुलिस की कार्रवाई के बावजूद ऑनलाइन ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. राजधानी भोपाल में अलग-अलग इलाकों से एक ही समय में कई साइबर फ्रॉड के मामले सामने आए हैं. कहीं टेलीग्राम ग्रुप के जरिए कमाई का लालच दिया गया, तो कहीं मोबाइल हैंग होने के दौरान बैंक खाते से बड़ी रकम निकल गई. एक सब्जी कारोबारी समेत कई लोगों को भी जालसाजों ने अपना निशाना बनाया.
टेलीग्राम पर टास्क के नाम पर 5.89 लाख की ठगी
अवधपुरी थाना क्षेत्र के सोमेश होम्स स्थित वैभव विहार में रहने वाले 39 वर्षीय लक्ष्मीनारायण सिंह के साथ टेलीग्राम के जरिए ठगी हुई. आरोपियों ने उन्हें एक ग्रुप में जोड़कर ऑनलाइन टास्क पूरा करने और इसके बदले पैसे कमाने का लालच दिया.
लक्ष्मीनारायण ने जालसाजों के कहने पर अलग-अलग रकम जमा करनी शुरू कर दी. इस तरह उनके खाते से कुल 5 लाख 89 हजार 710 रुपये निकलवा लिए गए. जब उन्होंने टास्क पूरा करने के बाद अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने 10 लाख 24 हजार रुपये दिलाने का भरोसा दिया. इसके लिए 5 लाख 12 हजार रुपये सिक्योरिटी के नाम पर और जमा करने को कहा गया. इसके बाद उन्हें ठगी का शक हुआ और उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई.
मैसेज से शुरू हुआ था पूरा खेल
लक्ष्मीनारायण के मुताबिक 21 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे टेलीग्राम पर गोपिका रविकुमार और सजनी मनोहर नाम से मैसेज आया था. इसमें घर बैठे पैसे कमाने की बात कही गई. इसके बाद उन्हें एक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कर टास्क पूरा करने के लिए कहा गया.
आरोपियों के कहने पर उन्होंने पहली बार यूटीआर नंबर के जरिए 30 हजार रुपये जमा किए. इसके बाद एक और टास्क दिया गया और एसबीआई खाते से 64 हजार 281 रुपये जमा करवाए गए. धीरे-धीरे रकम बढ़ती गई और मामला लाखों रुपये तक पहुंच गया.
मोबाइल हैंग हुआ और खाते से निकल गए 1.90 लाख
पिपलानी थाना क्षेत्र में भी साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. नरेला शंकरी निवासी 67 वर्षीय रिटायर्ड भेल कर्मचारी घनश्याम बिछेले का मोबाइल अचानक हैंग हो गया था. फोन दोबारा चालू नहीं हुआ तो उन्होंने पड़ोस में रहने वाले एक युवक की मदद ली.
मोबाइल री-स्टार्ट होने के बाद बैंक खाते की जानकारी देखी गई तो पता चला कि तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 1 लाख 90 हजार 888 रुपये निकाले जा चुके थे. आशंका है कि मोबाइल बंद रहने के दौरान ही खाते से यह रकम ट्रांसफर की गई.
कई और लोग भी साइबर ठगी का शिकार
भोपाल में साइबर ठगी का शिकार होने वालों की सूची यहीं खत्म नहीं होती. कल्पना नगर, पिपलानी में सब्जी की दुकान चलाने वाले व्यक्ति से 25 हजार रुपये ठग लिए गए. आनंद नगर निवासी एक व्यक्ति से 42 हजार रुपये, प्रेस कॉलोनी आनंद नगर निवासी से 25 हजार रुपये और गुप्ता कॉलोनी आनंद नगर निवासी व्यक्ति से 43 हजार रुपये की ठगी हुई. वहीं कर्मवीर नगर निवासी एक युवक के खाते से 91 हजार रुपये ठग लिए गए. लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने एक बार फिर ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है.
