Monday, November 2, 2026
HomeभारतBJP News: टीम नितिन नवीन ने बनाई चुनावी रणनीति… अहम बैठक के...

BJP News: टीम नितिन नवीन ने बनाई चुनावी रणनीति… अहम बैठक के जरिए तैयार किया रोडमैप

ये रहा बैठक का एजेंडा

नई दिल्ली/खबर डिजिटल/ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ पहली अहम बैठक की। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और केंद्र व राज्य सरकारों की योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राष्ट्रीय संगठन की नई टीम के साथ आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत मंथन हुआ। खासतौर पर जमीनी स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने और बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता मजबूत करने पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारियों के साथ भी होगी बैठक
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की दिनभर अन्य महत्वपूर्ण बैठकों का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इनमें भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के राज्य प्रभारी शामिल होंगे। इन बैठकों में राज्यों की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की जा सकती है।

Special News: राज्यपालों में बड़े फेरबदल की तैयारी!.. यूपी, कर्नाटक, तमिलनाडु और मध्यप्रदेश में होगा बदलाव

इस सप्ताह घोषित हुई भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम
भाजपा ने इसी सप्ताह नितिन नवीन के नेतृत्व में अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया है। नई टीम में कुल 65 राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल किए गए हैं, जिनमें 51 नए चेहरे हैं। इसे पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। नई राष्ट्रीय टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व पदाधिकारी राम माधव समेत कुल 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं।
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को पार्टी के आठ राष्ट्रीय महासचिवों में शामिल किया गया है। बी.एल. संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बरकरार रखा गया है, जबकि विनोद तावड़े और सुनील बंसल भी राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे।

नई टीम में महिलाओं और अल्पसंख्यक नेताओं को भी जगह
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में 12 महिलाओं को शामिल किया गया है। इसके अलावा अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े छह नेताओं को भी राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी दी गई है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को पार्टी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले भी वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी सरकार के गठन से पहले इस जिम्मेदारी को संभाल चुके हैं।

आईटी सेल और युवा मोर्चा में भी बदलाव
भाजपा ने संगठन में कई अहम बदलाव किए हैं। पार्टी के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख पद से अमित मालवीय को हटाकर छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, गुजरात के हेमांग जोशी को भारतीय जनता युवा मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने लोकसभा सांसद तेजस्वी सूर्या का स्थान लिया है।

National Bjp Niyuktiya: बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा, MP के इन नेताओं को मिला पद 

केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें भी तेज
भाजपा की राष्ट्रीय टीम में हुए व्यापक फेरबदल के बाद राजनीतिक गलियारों में संभावित केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी संगठन में नए चेहरों को बड़ी जिम्मेदारियां दिए जाने के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में सरकार और संगठन के स्तर पर और क्या बदलाव होते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में यह फेरबदल वर्ष 2015 में तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कार्यकाल में हुए बड़े बदलाव के बाद एक दशक से अधिक समय में सबसे व्यापक संगठनात्मक बदलावों में से एक माना जा रहा है। अब नितिन नवीन के नेतृत्व में नई टीम के सामने आगामी विधानसभा चुनावों के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की बड़ी चुनौती होगी।

Breaking News: 15 अगस्त पर अभिजीत दीपके का बड़ा ऐलान… जंतर मंतर सीजन 2 का होगा आगाज

सम्बंधित ख़बरें

लेटेस्ट