सीहोर/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के सीहोर में कांवड़ यात्रा के पहले दिन एक श्रद्धालु की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे हार्ट अटैक आने की आशंका के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन भारी भीड़ के कारण एंबुलेंस मरीज तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में डॉक्टर ने श्रद्धालु को कंधे पर उठाया और पैदल हाईवे तक ले गए, जहां से उसे एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
25 अगस्त से शुरू हुई 11 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा
सीहोर में 25 अगस्त की सुबह सीवन नदी के तट से कुबेरेश्वर धाम तक कांवड़ यात्रा शुरू हुई। करीब 11 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में मध्यप्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होने पहुंचे। यात्रा के दौरान महाराष्ट्र के जलगांव निवासी एक श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया गया कि उसे हार्ट अटैक आया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
MP Cabinet: किसानों के लिए खुशखबरी… बिना अनुमति नहीं ली जाएगी जमी
महज 100 मीटर दूर खड़ी थी एंबुलेंस
मरीज को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को तुरंत सूचना दी गई। हालांकि, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते एंबुलेंस मरीज तक नहीं पहुंच सकी। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस करीब 100 मीटर की दूरी पर खड़ी थी, लेकिन भीड़ के कारण श्रद्धालु को वहां तक पहुंचाने में करीब आधा घंटा लग गया।
डॉक्टर ने कंधे पर उठाया मरीज
जब एंबुलेंस तक पहुंचने में लगातार देरी होने लगी तो मौके पर मौजूद डॉक्टर ने स्थिति को देखते हुए श्रद्धालु को अपने कंधे पर उठाया। इसके बाद वे उसे पैदल हाईवे तक लेकर पहुंचे। वहां से मरीज को एंबुलेंस में बैठाकर अस्पताल भेजा गया। कांवड़ यात्रा में उमड़ी भारी भीड़ के बीच हुई इस घटना ने आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की चुनौतियों को भी सामने ला दिया।
MP Congress News: मध्यप्रदेश कांग्रेस में होगा बड़ा बदलाव… पदाधिकारियों की घट सकती है टीम!
