Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशRahul Gandhi Daura: राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर...

Rahul Gandhi Daura: राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर सियासत तेज… BJP ने सुझाए 3 विकल्प

कांग्रेस ने मांगा नेहरू स्टेडियम

इंदौर/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 12 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर इंदौर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने कार्यक्रम के लिए नगर निगम से नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने की मांग की है। इसे लेकर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को निगमायुक्त क्षितिज सिंघल से मुलाकात कर चुका है। हालांकि, स्टेडियम की अनुमति को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

चिंटू चौकसे ने दी जानकारी
कांग्रेस शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे के मुताबिक, निगमायुक्त से 8 से 12 सितंबर तक पांच दिनों के लिए नेहरू स्टेडियम देने का अनुरोध किया गया है। निगमायुक्त ने कांग्रेस की मांग सुनी है, लेकिन अब तक अनुमति जारी नहीं की गई है। कांग्रेस मंगलवार को एक बार फिर निगमायुक्त से इस संबंध में चर्चा करेगी।

नेहरू स्टेडियम नहीं मिला तो इन जगहों पर हो सकता है कार्यक्रम
यदि नेहरू स्टेडियम की अनुमति नहीं मिलती है तो कांग्रेस ने वैकल्पिक स्थानों की तैयारी भी शुरू कर दी है। पार्टी खंडवा रोड स्थित लिंबोदी, रीजनल पार्क के सामने खाली मैदान और ट्रांसपोर्ट नगर में एप्पल हॉस्पिटल के पास उपलब्ध जमीन में से किसी एक स्थान का चयन कर सकती है। कार्यक्रम के अंतिम स्थल को लेकर कांग्रेस की बैठक में फैसला लिया जाएगा। पार्टी नेताओं के मुताबिक, आयोजन की तैयारियों को लेकर इंदौर समेत उज्जैन और भोपाल संभाग के पदाधिकारियों के साथ बैठकें भी की जा रही हैं।

MP Cabinet Decisions: किसानों से लेकर शिक्षा और सड़क परियोजनाओं तक कैबिनेट के बड़े फैसले, जानिए क्या-क्या हुआ तय!

राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस ने बढ़ाई तैयारी
राहुल गांधी के प्रस्तावित इंदौर दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, संगठन प्रभारी महासचिव संजय कामले सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता तैयारियों को लेकर होने वाली बैठकों में शामिल होंगे। पार्टी की कोशिश है कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं को जोड़ा जाए। आयोजन स्थल को लेकर अंतिम निर्णय होने के बाद कांग्रेस तैयारियों को और गति देने की तैयारी में है।

BJP ने कांग्रेस को सुझाए तीन विकल्प
कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम की अनुमति को लेकर असमंजस के बीच बीजेपी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए वैकल्पिक स्थान सुझाए हैं। नगर भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को पत्र लिखकर कार्यक्रम के लिए तीन जगहों का सुझाव दिया।
सुमित मिश्रा ने पत्र में कहा कि कांग्रेस अभय प्रशाल सभागृह, दशहरा मैदान और सुपर कॉरिडोर में से अपनी जरूरत के मुताबिक स्थान चुन सकती है। उन्होंने दावा किया कि इन स्थानों पर कार्यक्रम के आकार के हिसाब से व्यवस्था की जा सकती है।

सोनिया गांधी के कार्यक्रम का भी किया जिक्र
बीजेपी नगर अध्यक्ष ने अपने पत्र में वर्ष 2003 में सोनिया गांधी के अभय प्रशाल में हुए कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए इसे एक विकल्प बताया। उन्होंने कहा कि यदि कार्यक्रम में दो-तीन हजार लोगों की मौजूदगी रहती है तो दशहरा मैदान उपयुक्त हो सकता है। वहीं, बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के जुटने की स्थिति में उन्होंने सुपर कॉरिडोर को बेहतर विकल्प बताया। बीजेपी नेता ने दावा किया कि यहां संवाद कार्यक्रम के साथ भोजन और पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं के लिए भी पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सकती है।

फैसले पर नजर
नेहरू स्टेडियम को लेकर कांग्रेस की मांग और बीजेपी के सुझाए विकल्पों के बीच अब सभी की नजर निगम प्रशासन के फैसले पर है। मंगलवार को कांग्रेस की निगमायुक्त के साथ होने वाली बातचीत के बाद कार्यक्रम के आयोजन स्थल की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

Exclusive News: जेल में ही रहेगा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भाई शालिग्राम… कोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका

सम्बंधित ख़बरें

लेटेस्ट