मुंबई: सेंट्रल डिपॉजिटरी सर्विसेज (इंडिया) लिमिटेड (सीडीएसएल) इन्वेस्टर प्रोटेक्शन फंड (आईपीएफ) ने युवा अनस्टॉपेबल के सहयोग से 60 स्कूलों के करीब 21 हजार छात्रों के बीच अमर चित्र कथा की निवेशक शिक्षा कॉमिक सीरीज बांटने की शुरुआत की है। यह शुरुआती पहल देशभर के युवा विद्यार्थियों तक वित्तीय साक्षरता से जुड़ी रोचक और प्रभावी सामग्री पहुंचाने के व्यापक अभियान की शुरुआत है।
सीडीएसएल आईपीएफ ने अमर चित्र कथा के सहयोग से इन चित्रात्मक कॉमिक्स को तैयार किया है। इनमें बचत, निवेश और जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार से जुड़े विषयों को विद्यार्थियों की उम्र और समझ के अनुरूप कहानी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। इसका उद्देश्य वित्तीय साक्षरता को युवा पाठकों के लिए अधिक सरल, रोचक और सहज बनाना है।
यह कॉमिक सीरीज 12 भाषाओं में उपलब्ध है, जिनमें से फिलहाल पांच भाषाओं—अंग्रेजी, हिंदी, मराठी, गुजराती और उर्दू—में सामग्री का वितरण किया जा रहा है। मौजूदा कॉमिक्स में वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी वित्तीय अवधारणाओं को शामिल किया गया है। कनिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए सीरीज की अतिरिक्त कॉमिक्स पर काम जारी है।
इस पहल के बारे में सीडीएसएल आईपीएफ सचिवालय के प्रमुख सुधीश पिल्लई ने कहा, “वित्तीय साक्षरता एक ऐसा जीवन कौशल है, जिसे कम उम्र से विकसित करना सबसे प्रभावी होता है। चक्रवृद्धि का लाभ केवल निवेश में ही नहीं, बल्कि सीखने की प्रक्रिया में भी मिलता है। अमर चित्र कथा और युवा अनस्टॉपेबल के साथ हमारी साझेदारी ने रोचक कहानी कहने के माध्यम और मजबूत वितरण नेटवर्क को एक साथ जोड़ा है। इससे युवा विद्यार्थियों के लिए वित्तीय अवधारणाओं को समझना आसान होगा। इस पहल के माध्यम से हम बच्चों को कम उम्र से ही जिम्मेदार वित्तीय आदतें विकसित करने और इन सीखों को अपने रोजमर्रा के जीवन में अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहते हैं।”
साझेदारी पर युवा अनस्टॉपेबल के संस्थापक एवं चीफ इंस्पिरेशन ऑफिसर अमिताभ शाह ने कहा, “स्कूल वह महत्वपूर्ण संस्थान है, जहां व्यक्ति ऐसे कौशल विकसित करता है, जिनका इस्तेमाल वह पूरी जिंदगी करता है। हमें खुशी है कि हमें सीडीएसएल आईपीएफ के साथ साझेदारी कर अपने सहयोगी स्कूलों के विद्यार्थियों तक जरूरी वित्तीय साक्षरता पहुंचाने और देश के भविष्य को आकार देने में योगदान देने का अवसर मिला है।”
टिंकल कॉमिक्स की एडिटर-इन-चीफ गायत्री चंद्रशेखरन ने कहा, “पैसा ऐसा विषय है, जो अधिकांश वयस्कों के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, लेकिन बच्चों के साथ इस पर बहुत कम चर्चा होती है और उन्हें इसके बारे में सिखाया भी कम जाता है। हमें खुशी है कि सीडीएसएल आईपीएफ के साथ साझेदारी कर हम ऐसी कहानियां तैयार कर रहे हैं, जो बचत और निवेश की बुनियादी बातों को रोचक तरीके से समझाती हैं। उम्मीद है कि ये कॉमिक्स पूरे भारत में हजारों बच्चों तक पहुंचेंगी और उन्हें वित्तीय साक्षरता की सीख को अपने व्यवहार में उतारने के लिए प्रेरित करेंगी।”
वित्तीय साक्षरता को रोचक और आसानी से समझ आने वाले माध्यमों से बढ़ावा देने की अपनी निरंतर पहल के तहत सीडीएसएल आईपीएफ ने अमर चित्र कथा के सहयोग से निवेशक शिक्षा से जुड़ी सामग्री की एक सीरीज तैयार की है। इसमें ‘द अनऑफिशियल उस्ताद’, ‘द गोल्डन पीकॉक फ्रॉड’ और ‘द गार्डन ऑफ प्रॉस्पेरिटी’ जैसी कॉमिक्स शामिल हैं। ये सामग्री डिजिटल और प्रिंट, दोनों स्वरूपों में उपलब्ध है। ‘द गार्डन ऑफ प्रॉस्पेरिटी’ को निवेशक शिक्षा पर आधारित एनिमेटेड फिल्म के रूप में भी तैयार किया गया है, जिससे इन्हीं सीखों को वीडियो के माध्यम से युवा विद्यार्थियों तक पहुंचाया जा सके।
प्रिंट, डिजिटल और वीडियो जैसे अलग-अलग माध्यमों में सामग्री उपलब्ध कराकर सीडीएसएल आईपीएफ का उद्देश्य विद्यार्थियों की अलग-अलग सीखने की जरूरतों को ध्यान में रखना और युवा वर्ग के बीच वित्तीय साक्षरता की पहुंच को व्यापक बनाना है।
