Wednesday, November 4, 2026
Homeव्यापारअनिल अग्रवाल ने भारत के तेल एवं गैस क्षेत्र में निवेशक-अनुकूल नीतिगत...

अनिल अग्रवाल ने भारत के तेल एवं गैस क्षेत्र में निवेशक-अनुकूल नीतिगत सुधारों का स्वागत किया, कहा- देश में निवेश के असीमित अवसर

मुंबई: वेदांता लिमिटेड के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने भारत सरकार द्वारा तेल एवं गैस क्षेत्र में की गई निवेशक-अनुकूल नीतिगत पहलों का स्वागत करते हुए कहा है कि हालिया सुधार सरकार के दृष्टिकोण में अधिक विश्वास, कारोबार में सुगमता और घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण बदलाव को दर्शाते हैं।

पिछले सप्ताह लंदन में आयोजित इंडिया एनर्जी बिड प्रमोशन रोडशो में भाग लेने के बाद सोशल मीडिया पर साझा की गई एक पोस्ट में अग्रवाल ने प्रस्तुतियों की उच्च गुणवत्ता और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के प्रतिनिधियों की सराहना की। उन्होंने प्रमुख नीतिगत उपायों का उल्लेख किया, जिनमें लंबी मंजूरी प्रक्रियाओं के स्थान पर स्व-प्रमाणन (सेल्फ-सर्टिफिकेशन) की व्यवस्था, आपसी बातचीत के माध्यम से लंबित मुकदमों का समाधान करने की सरकार की तत्परता और तेल एवं गैस क्षेत्र के किसी ब्लॉक के पूरे परिचालन जीवनकाल तक लीज बढ़ाने का प्रावधान शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि इन उपायों से निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा, परिचालन संबंधी अनिश्चितताएं कम होंगी और कंपनियां घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर अपना ध्यान केंद्रित कर सकेंगी। सरकार और उद्योग जगत के बीच विश्वास के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, “जैसा कि मैं हमेशा कहता हूं, यह सब भरोसे की बात है और अब यही भावना नीतियों में भी दिखाई दे रही है।”

अग्रवाल ने तेल एवं गैस क्षेत्र में भारत की व्यापक अप्रयुक्त संभावनाओं को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे देश की लाभप्रदता और निवेश के अवसरों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, वैसे-वैसे अधिक बड़ी कंपनियां तेल एवं गैस ब्लॉकों की बोली प्रक्रिया में भाग लेने के लिए आगे आएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनियां स्थानीय भागीदारों के साथ साझेदारी की संभावनाएं तलाश सकती हैं, विशेष रूप से समुद्र मंथन कार्यक्रम के तहत।

गुयाना जैसे छोटे भौगोलिक क्षेत्रों में वैश्विक निवेशकों की बढ़ती रुचि का उल्लेख करते हुए अग्रवाल ने कहा कि भारत इससे भी अधिक आकर्षक अवसर प्रदान करता है, जिसे विश्वस्तरीय नीतियों और अनुकूल निवेश वातावरण का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की नीतिगत दिशा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों की अधिक भागीदारी आकर्षित करेगी और देश के ऊर्जा उत्पादन को बढ़ाने के प्रयासों को मजबूती प्रदान करेगी।

Link to the post: https://x.com/AnilAgarwal_Ved/status/2117216722411557321?s=20

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट