अमेठी/ खबर डिजिटल/ गुरुवार को अमेठी में आयोजित राष्ट्र जागरण 251 कुंडीय गायत्री महायज्ञ (लघु अश्वमेध यज्ञ) में श्रद्धालुओं को हवन कुंड के पास ही नशा उन्मूलन के साथ पर्यावरण संवर्धन के लिए वृक्षारोपण का संकल्प दिलाया गया। यज्ञ स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संख्या में मौजूदगी रही। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वाधान में होने वाले लघु अश्वमेध यज्ञ के दूसरे दिन यज्ञ स्थल पर आयोजित हवन पूजन कार्यक्रम के पहले श्रद्धालुओं को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
नशा से होने वाली बीमारी के बाद परिवार की बिगड़ती स्थिति का भी आंकलन कराते हुए नशा उन्मूलन का संकल्प दिलाया गया। शांतिकुंज हरिद्वार से आए मुख्य प्रतिनिधि प्रमोद भटनागर ने पूजन में कहा कि हम सब आगामी पीढ़ियों के लिए एक अच्छा दैवीय वातावरण बनाने के साथ अच्छे पर्यावरण को भी विरासत के रूप में दें। सद्प्रवृति संवर्धन और दुष्प्रवृत्ति उन्मूलन के लिए श्रद्धालुओं के सिर पर हाथ रखवाकर संकल्प दिलाया गया। दो पालियों में चले हवन पूजन के बाद पूर्णाहुति कराई गई।

आने वाले श्रद्धालुओं में पूर्व आयकर अधिकारी राज करन सिंह, डॉ अजीत सिंह, सपत्नीक आए युवा आलोक तिवारी , कमलेश सिंह, सूरज अग्रहरि के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने यज्ञ की सराहना की। कार्यक्रम में शांतिकुंज हरिद्वार से आए प्रज्ञा पुत्र नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि धरती पर स्वर्ग का अवतरण हुआ है,अमेठी वासियों के साथ सम्पूर्ण विश्व के लिए ये सौभाग्य का विषय है।

अमेठी के वीर सपूत का शानदार स्वागत, अब समाज सेवा में निभाएंगे अहम भूमिका – Khabar Digital
अमेठी के गुरुकुल ज्ञान एकेडमी से आए सैकड़ों बच्चे एवं शिक्षक शिक्षिकाओं ने यज्ञशाला की परिक्रमा कर उत्कृष्ट कार्यों के साथ देश के विकास में भागीदार बनने का संकल्प लिया। युवा समन्वयक डॉ प्रवीण सिंह दीपक ने बताया कि अमेठी के साथ पड़ोसी जनपद के लोग भी यज्ञशाला पहुंचकर यहां चल रही प्रदर्शनी के साथ विविध कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर रहे हैं। इस मौके पर सुभाष शुक्ल , महेंद्र मिश्रा, सूबेदार बी पी मिश्र, राकेश सिंह, कैलाश नारायण तिवारी, प्रखर सक्सेना, विनोद तिवारी के साथ बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।
