भोपाल। बाणगंगा चौराहे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक बेकाबू बस ने 4 से 5 गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि यह बस किसी निजी स्कूल की है, जिसे एक शादी समारोह में लाने-ले जाने के लिए किराए पर लिया गया था। हादसे के समय बस खाली थी या उसमें कुछ लोग सवार थे, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में मृतक की पहचान की जा रही है।


