खंडवा/खबर डिजिटल/ आगामी तेजा दशमी पर्व ( Teja Dashmi ) पर खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर 2 सितंबर 2025 को अवकाश घोषित करने की मांग की है। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने अपने पत्र में कहा है कि उनके संसदीय क्षेत्र खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर और देवास जिलों में बड़ी संख्या में जाट (अनुसूचित जाति) समाज के लोग निवास करते हैं। यह समाज सहित कई अन्य जातियां वीर तेजाजी महाराज को आराध्य देवता मानती हैं और उनके मंदिर क्षेत्र में बड़ी श्रद्धा के केंद्र हैं।
हर वर्ष तेजा दशमी पर भक्तजन मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना करते हैं और गांव-गांव से वीर तेजाजी महाराज की ज्योति यात्रा निकाली जाती है। इस यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं और यह आयोजन धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक माना जाता है।
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने अपने पत्र में कहा कि 2 सितंबर को क्षेत्र में तेजा दशमी का पर्व अत्यंत धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन यदि अवकाश घोषित किया जाता है तो क्षेत्रवासियों को पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव से इस पर्व को मनाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि इस संबंध में शीघ्र निर्णय लेकर अवकाश की घोषणा की जाए।
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने यह भी उल्लेख किया कि तेजा दशमी सिर्फ धार्मिक पर्व नहीं बल्कि सामाजिक समरसता का भी संदेश देती है। इस दिन विशेष रूप से जाट समाज ही नहीं बल्कि अन्य समुदायों के लोग भी मिलकर पूजा-पाठ और ज्योति यात्रा में भाग लेते हैं। इसलिए इस दिन का अवकाश घोषित करना पूरे समाज की भावनाओं का सम्मान होगा।
पत्र की प्रतिलिपि सांसद ने खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर और देवास के कलेक्टरों को भी भेजी है ताकि प्रशासन स्तर पर आयोजन में सहयोग सुनिश्चित किया जा सके।


