Khandwa: खंडवा/खबर डिजिटल। सस्ते सोने का लालच एक युवक को भारी पड़ गया। छत्तीसगढ़ से आए मयंक खुटे को एक किलो सोना सस्ते दामों में दिलाने के बहाने न केवल लूटा गया, बल्कि जानलेवा हमले का भी शिकार हो गया। हरसूद पुलिस की तेज़ कार्रवाई ने महज़ 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की।
क्या है मामला?
रायपुर निवासी मयंक खुटे (32) से खंडवा के युवराज उर्फ सेवकराम ने सस्ते सोने का सौदा तय किया। वह 31 अगस्त की सुबह 17 लाख 50 हजार रुपये लेकर अपने साथी अजय संग तोरनीया सोलर प्लांट के पास पहुंचा। यहां युवराज और उसके साथी शबनम पारदी समेत चार लोगों ने मिलकर नकदी, मोबाइल और दस्तावेज से भरा बैग छीन लिया। विरोध करने पर मयंक और अजय पर हमला किया गया, जिसमें अजय गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस की तेज़ तर्रार कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना प्रभारी राजकुमार राठौर और साइबर प्रभारी प्रवीण आर्य के नेतृत्व में बनी टीम ने महज़ 24 घंटे में दो आरोपियों – युवराज और शबनम पारदी को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों से 13 लाख 79 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल और लूटा गया बैग जब्त किया है। दोनों को रिमांड पर लिया गया है ताकि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष रकम की बरामदगी हो सके।


