उदयगढ़/नावेद रजा/खबर डिजिटल/महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी भर्ती प्रक्रिया के बीच उदयगढ़ में बड़ा खुलासा हुआ है। विभागीय कार्यालय में नियुक्ति आदेश दिलाने के एवज में रिश्वत लेते एक अधिकारी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।जानकारी के अनुसार जनपद सदस्य प्रकाश जमरा को सूचना मिली थी कि कार्यालय में नई नियुक्त कार्यकर्ताओं से ₹5,000 की रिश्वत ली जा रही है।
इस पर वे अपने साथियों के साथ दोपहर करीब 2 बजे कार्यालय पहुँचे। वहाँ मौजूद एक नव नियुक्त कार्यकर्ता को संबंधित अधिकारी को राशि सौंपते हुए देखा गया, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी हुई और वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। जब आपत्ति दर्ज की गई तो कथित तौर पर संबंधित अधिकारी ने कहा कि “यह राशि ऊपर तक जाती है।”गौरतलब है कि आंगनबाड़ी भर्ती की प्रक्रिया करीब चार–पाँच महीनों से चली थी।
अगस्त माह में मेरिट सूची ऑनलाइन जारी हुई थी और सात दिन का दावा–आपत्ति का समय भी दिया गया था। इस दौरान कई अभ्यर्थियों ने शिकायत की थी कि पात्र अभ्यर्थियों को अपात्र घोषित कर दिया गया। अब नियुक्ति आदेश के नाम पर रिश्वत माँगे जाने और उसका वीडियो सामने आने से पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठ गए हैं।
जनपद सदस्य प्रकाश जमरा ने कहा, “कई दिनों से यह खेल चल रहा है। वास्तविक जांच कर सभी ग्रामों के पात्र अभ्यर्थियों को अवसर मिलना चाहिए।” उन्होंने कलेक्टर से निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की माँग की है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच कर दोषियों पर तुरंत कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएँ दोबारा न हों।


