झाबुआ/नावेद रजा/खबर डिजिटल/ इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर कालीदेवी के समीप आज सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। तीनों युवक पावागढ़ दर्शन के लिए घर से निकले थे और हाईवे पार करते समय अचानक उनकी बाइक तेज रफ्तार कार में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा देखकर आसपास के लोग और अन्य वाहन चालक मौके पर जुट गए। तुरंत ही एम्बुलेंस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची 108 एम्बुलेंस की टीम ने घायलों को हाईवे से उठाकर प्राथमिक उपचार दिया और फिर उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से यातायात सामान्य कर दिया गया। इस सड़क दुर्घटना ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा व सावधानी की जरूरत को उजागर कर दिया है।


