मुंबई। घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने होम लोन की ब्याज दरों में कटौती की घोषणा की है। अब बैंक की नई होम लोन दरें सिर्फ 8.00% प्रति वर्ष से शुरू होंगी, जो पहले 8.40% थीं।
ये नई दरें नए होम लोन और होम इम्प्रूवमेंट लोन दोनों पर लागू होंगी और उधारकर्ता के क्रेडिट स्कोर पर आधारित होंगी। यह छूट उन ऋणों पर लागू है जो 15 लाख रुपये या उससे अधिक के हैं।
महिलाओं और युवाओं को मिलेगी खास छूट
बैंक ने बताया कि महिला आवेदकों को 0.05% और 40 वर्ष से कम आयु के आवेदकों को 0.10% की अतिरिक्त ब्याज छूट दी जाएगी। साथ ही तैयार संपत्तियों या बैलेंस ट्रांसफर मामलों में भी 0.10% तक की रियायत दी जा सकती है।
बैंक के कार्यपालक निदेशक संजय मुदालियर ने कहा, “नई दरों से घर खरीदना और आसान होगा। हमारा प्रयास है कि ग्राहकों को किफायती और सुविधाजनक लोन विकल्प मिले, खासतौर पर युवाओं और महिलाओं के लिए।”
बैलेंस ट्रांसफर करने वालों को भी फायदा
अगर आपका होम लोन किसी और बैंक या एनबीएफसी में चल रहा है, तो अब बैंक ऑफ बड़ौदा की बैलेंस ट्रांसफर स्कीम के ज़रिए कम ब्याज दर पर शिफ्ट करना आसान हो गया है। कम दस्तावेज़, फास्ट प्रोसेसिंग और डिजिटल होम लोन सुविधा के जरिए यह प्रक्रिया और भी तेज हो गई है।
प्रमुख बातें एक नज़र में:
- ब्याज दरें अब 8.00% प्रति वर्ष से शुरू*
- महिलाओं के लिए 0.05% और 40 साल से कम उम्र के लिए 0.10% की अतिरिक्त छूट
- तैयार संपत्तियों, सरकारी प्रोजेक्ट्स और बैलेंस ट्रांसफर पर भी रियायत
- कम कागजी काम और डिजिटल अप्रूवल सुविधा उपलब्ध
होम लोन के लिए आवेदन बैंक की वेबसाइट या निकटतम शाखा में जाकर किया जा सकता है।
*नियम और शर्तें लागू
