रिटायरमेंट के बाद सबसे बड़ी चिंता यही सताती है कि एकमुश्त मिली पीएफ की रकम को कहां निवेश करें ताकि घर का खर्च भी आराम से चलता रहे और जमा पूंजी भी खत्म न हो. अब कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO इस मुश्किल का एक व्यावहारिक समाधान लेकर आ रहा है. संगठन जल्द ही नियमित किस्त निकासी योजना यानी SWP शुरू करने की तैयारी में है. इस सुविधा के लागू होने के बाद रिटायरमेंट के बाद आप अपने पीएफ खाते से हर महीने एक तय रकम निकाल सकेंगे, वह भी बिना मूलधन को छुए और बिना किसी टैक्स के बोझ के.
केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त रमेश कृष्णमूर्ति ने इसे समझने के लिए एक सीधा सा गणित बताया है. मान लीजिए कि रिटायरमेंट के वक्त आपके खाते में 10 लाख रुपये जमा हैं. मौजूदा 8.25% ब्याज दर के हिसाब से इस रकम पर साल भर में 82,500 रुपये का ब्याज बनेगा, जो औसतन हर महीने करीब 7,000 रुपये बैठता है. आप चाहें तो हर महीने यह 7,000 रुपये निकाल सकते हैं और आपका 10 लाख रुपये का मूलधन खाते में सुरक्षित रहेगा. यदि आप हर महीने सिर्फ 5,000 रुपये ही निकालते हैं, तो सालाना ब्याज में बचे हुए 22,500 रुपये आपके मूलधन में जुड़ जाएंगे, जिससे अगले साल आपको और अधिक ब्याज मिलेगा. खाते में बची राशि पर नियमित रूप से वही ब्याज मिलता रहेगा जो बाकी सदस्यों को मिलता है. साथ ही, आप मासिक, तिमाही, छमाही या सालाना में से अपनी पसंद की किस्त चुन सकेंगे.
टैक्स को लेकर लोगों के मन में अक्सर सवाल रहता है कि रिटायरमेंट के बाद पीएफ से पैसा निकालने पर टैक्स लगेगा या नहीं. रमेश कृष्णमूर्ति के मुताबिक, इस योजना के तहत किस्तों में मिलने वाली राशि पर टैक्स नहीं लगेगा. मौजूदा आयकर नियमों में पीएफ पर कर छूट कर्मचारी और नियोक्ता के संबंध से जुड़ी है, इसलिए EPFO ने श्रम मंत्रालय को नियम बदलने का प्रस्ताव भेजा है. प्रस्ताव के अनुसार, जब तक व्यक्ति पीएफ सदस्य बना रहेगा, तब तक SWP से होने वाली निकासी पर टैक्स छूट मिलेगी. श्रम और वित्त मंत्रालय के बीच इस पर चर्चा जारी है और बजट मंजूरी के बाद 1 अप्रैल से इसके लागू होने की उम्मीद जताई जा रही है.
रिटायरमेंट के बाद एक साथ बड़ी रकम मिलने पर कई लोग उसे सही जगह लगाने के बजाय एफडी, म्यूचुअल फंड या फिर गाड़ी और अन्य खर्चों में लगा देते हैं, जिससे बाद में पैसों की किल्लत हो सकती है. SWP नियमित आमदनी के साथ-साथ आपात स्थिति में पैसा निकालने की सहूलियत भी देगा. सदस्य के निधन की स्थिति में नॉमिनी को पूरा पैसा एक साथ या किस्तों में लेने का विकल्प मिलेगा. शुरुआत में 55 वर्ष से अधिक आयु के उन करीब 6.32 लाख सदस्यों को इसका लाभ मिल सकता है जिनके खाते में 5 लाख रुपये से ज्यादा जमा हैं.
इसके अलावा, केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में हुई CBT की 240वीं बैठक में पीएफ निकासी के दो बड़े नियमों में भी राहत दी गई है, जिससे करीब 8 करोड़ सदस्यों को फायदा होगा. अब खाते में न्यूनतम 25% के बजाय केवल 10% राशि रखना अनिवार्य होगा, यानी सदस्य जरूरत पड़ने पर 90% तक पैसा निकाल सकेंगे. वहीं, पूरा पीएफ निकालने का वेटिंग पीरियड 12 महीने से घटाकर 2 महीने कर दिया गया है.









