नौकरी की तलाश में भटकने या खाली बैठने के बजाय अब महिलाएं घर-परिवार संभालते हुए कमाई की एक मजबूत शुरुआत कर सकती हैं. भारतीय जीवन बीमा निगम यानी LIC की बीमा सखी योजना महिलाओं को बीमा सलाहकार के रूप में प्रशिक्षित करती है. सबसे अच्छी बात यह है कि सीखने और ट्रेनिंग के समय ही महिलाओं को हर महीने 7,000 रुपये तक की राशि दी जाती है. यानी काम समझने के साथ ही आमदनी की शुरुआत हो जाती है.
इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सम्मानजनक रोजगार के अवसर देना है. बिहार और उत्तर प्रदेश समेत देश के 28 राज्यों की महिलाएं इस योजना से जुड़ सकती हैं. इसके लिए ऊंची शैक्षणिक योग्यता की कोई शर्त नहीं रखी गई है. आइए जानते हैं कि इसके लिए पात्रता, मिलने वाली राशि और आवेदन की प्रक्रिया क्या है.
तीन साल तक कैसे मिलेगी मासिक सहायता?
बीमा सखी योजना के अंतर्गत चयनित महिलाओं को LIC एजेंट के तौर पर तैयार किया जाता है. तीन साल की इस अवधि में उन्हें तय मानक के अनुसार हर महीने राशि दी जाती है:
पहले वर्ष: 7,000 रुपये प्रति माह
दूसरे वर्ष: 6,000 रुपये प्रति माह
तीसरे वर्ष: 5,000 रुपये प्रति माह
तीन वर्ष का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद महिलाएं नियमित LIC एजेंट के रूप में कार्य कर सकती हैं. आगे चलकर उनकी कमाई पॉलिसियों से मिलने वाले कमीशन पर आधारित होगी और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने पर वे कमीशन के अलावा प्रोत्साहन राशि भी कमा सकेंगी.
आवेदन के लिए पात्रता की शर्तें
शहरी हो या ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों की महिलाएं इस योजना का हिस्सा बन सकती हैं. आवेदन करने से पहले इन शर्तों को पूरा करना जरूरी है:
आवेदिका की आयु 18 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए.
किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है.
वर्तमान में LIC के कर्मचारी या पहले से कार्यरत एजेंट इसके पात्र नहीं होंगे.
ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन कैसे करें?
इच्छुक महिलाएं अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकती हैं.
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए सबसे पहले LIC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. मुख्य पृष्ठ पर 'क्लिक फॉर बीमा सखी' के विकल्प को चुनें. इसके बाद आवेदन पत्र सामने आ जाएगा, जिसमें अपना नाम, आयु और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज करें. जरूरी दस्तावेजों का ब्योरा भरें, कैप्चा कोड डालें और पूरी जानकारी दोबारा जांचने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें. ऑफलाइन प्रक्रिया के लिए नजदीकी LIC कार्यालय जाकर भी आवेदन किया जा सकता है.
किन दस्तावेजों की पड़ेगी जरूरत?
आवेदन भरते समय निम्नलिखित कागजातों की जानकारी तैयार रखें:
10वीं कक्षा की उत्तीर्ण अंकतालिका या प्रमाण पत्र की सत्यापित प्रति
आयु का प्रमाण पत्र
निवास प्रमाण पत्र
फॉर्म अंतिम रूप से जमा करने से पहले दर्ज की गई हर जानकारी को ध्यान से जांच लें, ताकि आगे चलकर किसी प्रकार की अड़चन न आए.









