मुंबई। पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2024-25 के अंत तक अफोर्डेबल हाउसिंग सेगमेंट में 5,000 करोड़ रुपये का कुल कारोबार दर्ज किया है। कंपनी के मुताबिक, यह उपलब्धि समाज के मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोगों को होम लोन सुलभ कराने की उसकी रणनीति का परिणाम है।
कंपनी के खुदरा ऋण पोर्टफोलियो में सालाना आधार पर 18% की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे कुल लोन बुक बढ़कर 75,000 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है।
पीएनबी हाउसिंग के एमडी और सीईओ गिरीश कौसगी ने कहा, “अफोर्डेबल सेगमेंट में यह मील का पत्थर हमारी टीम की प्रतिबद्धता और ग्राहकों को समावेशी वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराने के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।”
उन्होंने आगे बताया कि कंपनी प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY 2.0), बढ़ते शहरीकरण और पारिवारिक संरचना में बदलाव जैसे सकारात्मक कारकों के चलते अफोर्डेबल हाउसिंग की मांग को लेकर आशावादी है।
पीएनबी हाउसिंग की रणनीति प्राइम, इमर्जिंग और अफोर्डेबल मार्केट्स के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए उत्पादों के जरिए विभिन्न ग्राहक वर्गों की जरूरतों को पूरा करने की है। कंपनी का उद्देश्य “सभी के लिए आवास” मिशन में सक्रिय योगदान देना है।
नोट: रिपोर्ट में उल्लेखित वित्तीय आंकड़े अनंतिम हैं और वैधानिक ऑडिट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम रूप से पुष्टि की जाएगी।


