भुज : दुनिया भर में दोपहिया वाहनों की अग्रणी निर्माता टीवीएस मोटर कंपनी (TVSM) ने गुजरात के प्रतिष्ठित रण उत्सव के दूसरे संस्करण में अपनी ऐतिहासिक मौजूदगी दर्ज कराई है। इस भागीदारी के माध्यम से कंपनी ने कच्छ के रण को एक ‘ग्लोबल राइडिंग डेस्टिनेशन’ के रूप में स्थापित किया है, जहाँ मोटरसाइक्लिंग एडवेंचर और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिला। टीवीएस ने इस मंच का उपयोग न केवल अपनी मशीनों के प्रदर्शन के लिए किया, बल्कि ‘एक्सपेरिएंशियल टुरिज़्म’ के एक नए युग की शुरुआत की, जो देश-विदेश के राइडरों को कच्छ के सफेद रेगिस्तान और प्रसिद्ध ‘रोड टू हैवन’ की ओर आकर्षित कर रहा है।
इस वर्ष के उत्सव में भागीदारी का पैमाना पिछले साल की तुलना में काफी बढ़ा है, जिसमें इटली और मैक्सिको जैसे देशों के अंतरराष्ट्रीय राइडरों सहित 100 से अधिक मोटरसाइकिल प्रशंसकों ने हिस्सा लिया। टीवीएस अपाचे ओनर्स ग्रुप (AOG) और टीवीएस रोनिन कल्ट कम्युनिटी के ‘वेस्ट चैप्टर राईड’ के तहत मुंबई, पुणे, जयपुर और अहमदाबाद जैसे शहरों से राइडर लंबी दूरी तय कर रण पहुँचे। गुजरात के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री हर्ष संघवी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि टीवीएस जैसी दिग्गज कंपनी के साथ यह साझेदारी कच्छ के रण को विश्व पर्यटन मानचित्र पर एक विशिष्ट और आधुनिक गंतव्य के रूप में मजबूती से स्थापित करती है।
उत्सव का मुख्य आकर्षण ‘रण उत्सव कस्टम सीरीज़’ रही, जिसमें पांच विशेष रूप से डिजाइन की गई (Bespoke) मोटरसाइकलों को प्रदर्शित किया गया। ये मशीनें कच्छ की संस्कृति, विशाल नमक के मैदानों और अजरक कला से प्रेरित थीं। ‘सॉल्ट एंड स्काई’ की थीम पर आधारित इन बाइक्स (अपाचे और रोनिन श्रृंखला) पर हाथ से पेंट किए गए डिजाइन और लेजर-कट स्टेनलेस स्टील बैज ने इंजीनियरिंग और कला के बेहतरीन मेल को दर्शाया। विशेष रूप से संशोधित टीवीएस रोनिन को ‘अनस्क्रिप्टेड एक्स्प्लोरेशन’ की थीम पर तैयार किया गया था, जिसमें ऊंट के रंग वाले हाथ से सिले लेदर एलीमेंट्स और स्थानीय हेरिटेज की झलक देखने को मिली।
टीवीएस प्रीमियम एरिना में रोमांच को चरम पर पहुँचाने के लिए टीवीएस रेसिंग द्वारा स्टंट शो, एडवेंचर ट्रेनिंग और ड्रिफ्ट-आर फ्लैट ट्रैक जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें विशेष रूप से ‘एक्सक्लूसिव वुमेन ड्रिफ्ट-आर चैंपियनशिप’ ने महिला राइडरों के बढ़ते उत्साह को प्रदर्शित किया। टीवीएस मोटर कंपनी के चेयरमैन श्री सुदर्शन वेनु ने इस विजन को साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के ‘एक्सपेरिएंशियल टुरिज़्म’ के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाना उनके लिए गर्व की बात है। गुजरात पर्यटन के साथ यह दीर्घकालिक साझेदारी भविष्य में भारत के अनछुए कोनों को दुनिया के सामने लाने का एक सशक्त माध्यम बनेगी।


