CG Congress Protest : छत्तीसगढ़ में बढ़ती महंगाई और भाजपा नेता पर अफीम की खेती के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। कांग्रेस पार्टी के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया जाएगा।
गैस सिलेंडर कीमतों के विरोध में प्रदर्शन
कांग्रेस ने घरेलू और कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर सरकार को घेरा है। पार्टी का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की वृद्धि से आम जनता, खासकर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर आर्थिक बोझ पड़ा है। कांग्रेस ने इन बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लेने की मांग की है।
जिलों में होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर 8 मार्च को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इस दौरान भाजपा पर नशे को बढ़ावा देने और प्रदेश के युवाओं को नशे की ओर धकेलने के आरोपों को लेकर पार्टी अपनी बात रखेगी।
अफीम खेती पर कांग्रेस आक्रामक
कांग्रेस ने दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता द्वारा करीब 9.50 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती किए जाने के मामले को लेकर भी सरकार को घेरा है। पार्टी का आरोप है कि प्रदेश सरकार नशे के कारोबार को संरक्षण दे रही है, जिससे युवाओं पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
नेताओं और कार्यकर्ताओं को निर्देश
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने रविवार को होने वाले प्रदर्शन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों, सांसद और विधायक, पूर्व जनप्रतिनिधियों, जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों, मोर्चा संगठनों के सदस्यों और कार्यकर्ताओं को उपस्थित रहने के निर्देश दिए है। इसके अलावा सभी जिला मुख्यालयों में पत्रकारवार्ता और पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित कर उसकी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजने को भी कहा गया है।


