CG Morning News : राजधानी रायपुर में चल रहे छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का आज 9वां दिन है। सदन की कार्यवाही के दौरान प्रश्नकाल में सरकार के कई मंत्री विधायकों के सवालों का जवाब देंगे, तो वही कई मुद्दों पर ध्यानाकर्षण और अनुदान मांगों पर भी चर्चा की जाएगी।
प्रश्नकाल, मंत्री देंगे जवाब
सदन में प्रश्नकाल के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री श्याम बिहारी विधायकों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देंगे। इसके अलावा मंत्री केदार कश्यप, गुरु खुशवंत साहेब और ओपी चौधरी कई विभागों के पत्र सदन के पटल पर रखेंगे।
दो प्रस्ताव होंगे पेश
आज सदन में दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी लगाए जाएंगे। विधायक पुन्नू लाल मोहले खराब सड़कों की समस्या को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पेश करेंगे, जबकि विधायक चातुरी नंद और लखेश्वर बघेल कृषि विकास और किसान से जुड़े मुद्दों को उठाएंगे। इसके साथ ही विधायक दिलिप लहरिया , सावित्रि मांडवी, ललित चंद्राकर और इंद्रशाह मंडावी सदन में याचिकाओं की प्रस्तुति देंगे।
अनुदान मांगों पर चर्चा
सदन में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और श्याम बिहारी के विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। इसके अलावा मंत्री लखन लाल और टंकराम वर्मा के विभागों से जुड़ी मांगों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
प्रदेश में बढ़ने लगा तापमान
वही प्रदेश में मौसम का मिजाज भी बदलने लगा है। राजनांदगांव में सबसे अधिक 39.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। वहीं दुर्ग में 38.5, बेमेतरा में 38.1, रायपुर में 38 और बिलासपुर में 37.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
कांग्रेस करेगी विधानसभा घेराव
प्रदेश कांग्रेस ने 17 मार्च को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। कांग्रेस का कहना है कि केंद्र, राज्य और नगरीय निकायों के मुद्दों को लेकर प्रदेशभर से कार्यकर्ता रायपुर पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे। वही भाजपा कार्यालयों के घेराव का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
सीएम साय का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में ही कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे सुबह 11 बजे वे विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे दोपहर 3:30 बजे फिर से विधानसभा सत्र में शामिल होंगे और रात 9 बजे सतगुरु संत राजाराम साहिब जी के 66वें बरसी महोत्सव में शामिल होंगे। इसके बाद सीएम साय रात 10:15 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।


