CG Morning News : रायपुर में आज राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहने वाली हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर और बिलासपुर जिले के दौरे पर रहेंगे और कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे कई विकास कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे। इसके अलावा सीएम साय गौधाम योजना का शुभारंभ भी करेंगे।
विकास कार्यों का वर्चुअल भूमिपूजन
सीएम साय सुबह 11:50 बजे वर्चुअल माध्यम से राजनांदगांव नगर निगम क्षेत्र में कई विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद वे दोपहर 12:50 बजे पुलिस मुख्यालय हेलीपेड, नवा रायपुर से बिलासपुर के लिए रवाना होंगे।
गौधाम योजना का होगा शुभारंभ
बिलासपुर जिले के तखतपुर के लाखासार गांव में मुख्यमंत्री गौधाम का निरीक्षण करेंगे, गौपूजा करेंगे और ग्रामीणों से संवाद करेंगे। इसके बाद दोपहर 2:55 बजे गुरू धांसीदास विश्वविद्यालय के प्रेक्षागार में आयोजित गौधाम योजना शुभारंभ समारोह एवं पशुपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। राज्य सरकार ने हर विकासखंड में 10 गौधाम स्थापित करने का लक्ष्य तय किया है, जहां गौवंश के लिए शेड, फेंसिंग, पेयजल और बिजली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
आदि परब-2026 का समापन आज
शनिवार को शाम 5:45 बजे मुख्यमंत्री नवा रायपुर स्थित आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, नवा रायपुर में आयोजित ‘आदि परब-2026’ कार्यक्रम के समापन समारोह में भाग लेंगे। दो दिवसीय इस आयोजन में छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, कला और परंपराओं को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में राज्य की 43 जनजातियों के साथ ही MP, तेलंगाना, ओडिशा, महाराष्ट्र, झारखंड के कलाकार भी शामिल हुए।
युवा कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस
आज दोपहर 4 बजे युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश तिवारी रायपुर स्थित राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जिसमें कई राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
कांग्रेस का मनरेगा बचाओं आंदोलन
मनरेगा को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने 17 मार्च को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। दोपहर 12 बजे होने वाले इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। पिछले करीब दो महीनों से मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत प्रदेश भर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इंडिगो ने बढ़ाए दाम
इस बीच एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने भी फ्लाइट टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी की है। ईंधन की बढ़ती लागत के चलते किराए में 425 रुपये से लेकर 2300 रुपये तक की वृद्धि की गई है, जो आज से लागू हो गई है।


