अयोध्या से नेपाल जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने एक नई सुविधा शुरू कर दी है. उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच चलने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित संचालन 28 नवंबर यानी आज से शुरू हो रहा है. इस ट्रेन का उद्घाटन पहले ही किया जा चुका है. अब रेलवे ने इसके आने-जाने का समय, रूट और बीच में पड़ने वाले सभी स्टेशनों की जानकारी भी जारी कर दी है. ऐसे में अगर आप अयोध्या से नेपाल या नेपाल से अयोध्या जाने की योजना बना रहे हैं, तो इस ट्रेन का पूरा शेड्यूल जान लेना जरूरी है.
इस साप्ताहिक ट्रेन के शुरू होने से दोनों धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के बीच रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी. खास बात यह है कि ट्रेन गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी और जयनगर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी.
ट्रेन का नंबर, दिन और कोच की पूरी जानकारी
रेलवे ने इस ट्रेन को 15595 और 15596 नंबर दिए हैं. ट्रेन संख्या 15595 जनकपुर धाम से अयोध्या कैंट के बीच चलेगी, जबकि 15596 अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम तक का सफर तय करेगी.
इसका नियमित परिचालन जनकपुर धाम से 28 नवंबर से हर शनिवार और अयोध्या कैंट से 30 नवंबर से प्रत्येक सोमवार को होगा. ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 17 कोच लगाए गए हैं. इनमें AC सेकंड क्लास के 2, AC थर्ड क्लास के 3, AC थर्ड इकोनॉमी के 3, स्लीपर क्लास के 7 और SLR के 2 कोच शामिल हैं.
पूर्व मध्य रेलवे के CPRO सरस्वती चंद्र के मुताबिक, सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या कैंट और जनकपुर धाम के बीच गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो और जयनगर के रास्ते संचालित होगी.
जनकपुर धाम से अयोध्या आने का टाइम टेबल
28 नवंबर से प्रत्येक शनिवार को चलने वाली ट्रेन संख्या 15595 जनकपुर धाम से नेपाली समय के अनुसार दोपहर 1:10 बजे रवाना होगी. यह दोपहर 2:25 बजे नेपाली समय और 2:10 बजे भारतीय समय के मुताबिक जयनगर कस्टम यार्ड पहुंचेगी. यहां से ट्रेन नेपाली समय के अनुसार 3:25 बजे और भारतीय समय के अनुसार 3:10 बजे आगे के लिए रवाना होगी.
इसके बाद ट्रेन का निर्धारित शेड्यूल इस प्रकार है:
मधुबनी: शाम 3:48 बजे
शीशो: शाम 5:10 बजे
सीतामढ़ी: शाम 7:00 बजे
रक्सौल: रात 9:35 बजे
नरकटियागंज: रात 10:50 बजे
गोरखपुर: अगले दिन सुबह 3:55 बजे
बस्ती: सुबह 5:19 बजे
मनकापुर: सुबह 6:28 बजे
अयोध्या धाम: सुबह 7:25 बजे
अयोध्या कैंट: सुबह 8:10 बजे
अयोध्या से जनकपुर धाम जाने वाली ट्रेन का शेड्यूल
वापसी में ट्रेन संख्या 15596 प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से शाम 5:50 बजे रवाना होगी. रास्ते में यह अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो और मधुबनी स्टेशनों पर रुकेगी.
इसका निर्धारित समय इस प्रकार है:
अयोध्या धाम: शाम 6:20 बजे
मनकापुर: शाम 7:30 बजे
बस्ती: रात 8:37 बजे
गोरखपुर: रात 10:13 बजे
नरकटियागंज: अगले दिन रात 1:50 बजे
रक्सौल: रात 3:10 बजे
सीतामढ़ी: सुबह 4:42 बजे
शीशो: सुबह 6:05 बजे
मधुबनी: सुबह 7:00 बजे
इसके बाद ट्रेन भारतीय समय के अनुसार सुबह 8:30 बजे और नेपाली समय के अनुसार 8:45 बजे जयनगर कस्टम यार्ड पहुंचेगी. यहां से भारतीय समय के मुताबिक सुबह 10:30 बजे और नेपाली समय के अनुसार 10:45 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंच जाएगी.









