BJP Politics: भारतीय जनता पार्टी में बड़े फेरबदल की स्क्रिप्ट लिखी जा चुकी है। राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम की घोषणा की अटकलों के बीच, देश की राजधानी दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेताओं की हाई-लेवल बैठक हुई। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के चुनिंदा नेताओं ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के सरकारी आवास पर कई घंटों तक मंथन किया। इस बैठक के बाद यह तय माना जा रहा है कि भाजपा की केंद्रीय टीम में युवाओं और अनुभवी चेहरों का एक नया समीकरण दिखाई देने वाला है।
RSS और संगठन नेता रहे मौजूद
हालांकि, इस हाई-प्रोफाइल बैठक को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोई भी आधिकारिक विधिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों की माने तो इस साल जनवरी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने वाले नितिन नवीन इस बैठक के केंद्र बिंदु रहे। उनके अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी पहली सबसे बड़ी राष्ट्रीय टीम होगी। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव बी.एल. संतोष और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व भाजपा के बीच समन्वयक की भूमिका निभाने वाले प्रचारक अरुण कुमार भी उपस्थित थे।
मंत्रियों की संगठन में होगी घर वापसी
राजनैतिक गलियारों से आ रही खबरों के मुताबिक, इस महा-मंथन में केवल चेहरों को बदलने पर बात नहीं हुई, बल्कि आगामी राज्यों के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा रोडमैप तैयार किया गया है। सूत्रों का दावा है कि मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल कुछ ऐसे वरिष्ठ नेता, जो रणनीतिक रूप से कुशल माने जाते हैं, उन्हें सरकार के पदों से मुक्त करके संगठन में वापस लाया जा सकता है। इन दिग्गजों को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय महासचिव या चुनावी राज्यों के मुख्य प्रभारी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।
इसी महीने जारी होगी लिस्ट!
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय पदाधिकारियों की इस नई और सूची को अंतिम रूप दिया जा चुका है। जून महीने के अंत से पहले इस जंबो लिस्ट की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
