भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के नए पूर्वानुमान के मुताबिक, कल दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मौसम करवट लेने वाला है. एक तरफ जहां दक्षिणी राज्यों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और गरज-चमक के आसार बन रहे हैं, वहीं दूसरी ओर दिल्ली-NCR समेत उत्तर और मध्य भारत के अधिकांश इलाकों में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना रहेगा.
मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट बताती है कि आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में बारिश के साथ-साथ आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा है. तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है, जबकि केरल और माहे में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है.
दक्षिण भारत के बाकी इलाकों पर नजर डालें तो दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कहीं-कहीं आंधी-तूफान आ सकता है. वहीं, तटीय कर्नाटक और तेलंगाना में हल्की फुहारें पड़ने की संभावना है. लक्षद्वीप में भी कल कुछ जगहों पर बारिश शुरू होगी, जो 25 और 26 नवंबर तक पूरे क्षेत्र में व्यापक रूप ले सकती है.
उत्तर और मध्य भारत में फिलहाल राहत और स्थिरता बनी हुई है. दिल्ली-NCR के लोगों के लिए मौसम में किसी बड़े उलटफेर के संकेत नहीं हैं और यहां आसमान साफ रहेगा. पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश के कोई आसार नहीं हैं और मौसम शुष्क ही रहेगा.
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम पूरी तरह साफ रहने वाला है. इसी तरह पूर्वी और मध्य भारत के बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी मौसम सामान्य रहेगा. मध्य क्षेत्र में सिर्फ छत्तीसगढ़ ही एक ऐसा राज्य है, जहां 25 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है.
पूर्वोत्तर भारत के लिए मौसम विभाग ने बारिश के साथ कोहरे की चेतावनी भी जारी की है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं बारिश होने की उम्मीद है. खासतौर पर नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के निवासियों को सुबह के समय घने कोहरे से सतर्क रहने की सलाह दी गई है. दूसरी तरफ, 25 नवंबर को पश्चिम बंगाल के मैदानी और उप-हिमालयी क्षेत्रों सहित सिक्किम में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, हालांकि बाद में हल्की बारिश हो सकती है. इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में बन रही परिस्थितियों के कारण 25 से 28 नवंबर के बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई गई है.









