RRB Recruitment 2026: रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ा मौका सामने आया है. रेलवे भर्ती बोर्ड यानी RRB की ओर से साल 2026 के लिए बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है. इस भर्ती के तहत असिस्टेंट लोको पायलट के कुल 11127 पद भरे जाएंगे, जो देशभर के अलग अलग रेलवे जोन में उपलब्ध होंगे. यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए खास मानी जा रही है, जिन्होंने 10वीं पास कर ली है और साथ में आईटीआई या संबंधित तकनीकी योग्यता हासिल की है. ऐसे अभ्यर्थी इस अवसर का फायदा उठाकर सरकारी नौकरी हासिल कर सकते हैं. यह रेलवे की सबसे चर्चित भर्तियों में से एक मानी जा रही है, क्योंकि इसमें बड़ी संख्या में पद शामिल हैं और प्रतियोगिता भी काफी अधिक रहने की संभावना है.
यह भी पढ़ें- Haunted Railway Stations: क्या आपने सुनी हैं इन भूतिया रेलवे स्टेशनों की कहानियां? जानिए सबसे डरावनी जगहें
जानकारी के अनुसार, इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी. उम्मीदवारों को RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भरना होगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक आवेदन प्रक्रिया मई 2026 के आसपास शुरू हो सकती है, इसलिए उम्मीदवारों को अभी से अपनी तैयारी शुरू करने की सलाह दी जा रही है. अगर योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है और इसके साथ आईटीआई सर्टिफिकेट या संबंधित ट्रेड में डिप्लोमा होना चाहिए. आयु सीमा आमतौर पर 18 से 30 साल के बीच रखी जाती है, हालांकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियम के अनुसार छूट भी मिलती है.
क्या क्या होगा इसमें
इस भर्ती प्रक्रिया में चयन कई चरणों के जरिए किया जाएगा. सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी CBT होगी, जिसे दो चरणों में आयोजित किया जा सकता है. इसके बाद कुछ पदों के लिए एप्टीट्यूड टेस्ट भी लिया जाएगा. अंत में दस्तावेज जांच और मेडिकल टेस्ट के आधार पर उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया जाएगा. वेतन की बात करें तो चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार लेवल 2 के तहत सैलरी दी जाएगी, जिसमें बेसिक पे के साथ कई भत्ते भी शामिल होंगे. यह नौकरी न केवल स्थिर आय देती है, बल्कि इसमें भविष्य की सुरक्षा भी मानी जाती है. इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें देश के लगभग सभी रेलवे जोन शामिल होंगे, जिससे अलग अलग राज्यों के उम्मीदवारों को अवसर मिलेगा. इससे पहले भी रेलवे की भर्तियों में लाखों उम्मीदवार आवेदन करते रहे हैं, इसलिए इस बार भी बड़ी संख्या में फॉर्म भरे जाने की उम्मीद है. कुल मिलाकर, RRB ALP भर्ती 2026 उन युवाओं के लिए एक बेहतरीन अवसर है जो रेलवे में करियर बनाना चाहते हैं. सही तैयारी और समय पर आवेदन के जरिए इस मौके को सफल बनाया जा सकता है.
यह भी पढ़ें- Haunted Railway Stations: क्या आपने सुनी हैं इन भूतिया रेलवे स्टेशनों की कहानियां? जानिए सबसे डरावनी जगहें


