कटनी/✍️सौरभ श्रीवास्तव– जिले के बरगवां स्थित आस्था प्लाजा में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों ने एक पत्रकार वार्ता आयोजित कर शहर में बढ़ते अपराध और भूमाफियाओं के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर में अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है, जिसमें चाकू बाजी की घटनाएं और राह चलते नागरिकों के साथ लूटपाट की वारदातें बढ़ चुकी हैं।पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने यह आरोप भी लगाया कि शहर में अवैध शराब की तस्करी और मादक पदार्थों की खुलेआम बिक्री हो रही है। विभिन्न स्थानों पर अवैध रूप से शराब और गांजे की बिक्री से नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।इसके अलावा, कांग्रेस नेताओं ने भूमाफियाओं द्वारा सरकारी और किसानों की निजी ज़मीनों पर अवैध कब्ज़े के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता बार-बार प्रशासन के दफ्तरों में न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।


