खबर digital News संवाददाता कटनी— प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं राष्ट्र निर्माण को समर्पित सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पहाड़ी निवार पंचायत में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते 12 वर्षों में विकास, पारदर्शिता, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया है।अशोक विश्वकर्मा ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तेजी से साकार हो रहा है और गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिला एवं युवाओं के उत्थान के लिए अनेक जनहितकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जनकल्याण शिविरों का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है।इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के समयबद्ध ढंग से पहुंचाने का भी आग्रह किया।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष बृजनंदन पटेल, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अजय वीरभद्र माली, सरपंच, उपसरपंच, पंचायत प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।जनकल्याण शिविर ने शासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बनकर विकास और जनसेवा के संकल्प को और मजबूत किया।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट mo. 9131308097
