बदनावर(धार)/विक्की राजपुरोहित/खबर डिजिटल/ ग्राम मुलथान स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में अध्ययनरत 13 वर्षीय बालिका की मंगलवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक बालिका की पहचान निशा पिता राहुल सुयवंशी, कक्षा छठी की छात्रा के रूप में हुई है।
पीटी के दौरान हुई तबियत खराब
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह विद्यालय में पीटी (शारीरिक प्रशिक्षण) के दौरान निशा की अचानक तबियत खराब हो गई। विद्यालय प्रबंधन द्वारा तत्काल उसे इलाज के लिए बदनावर सिविल अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद बालिका को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल बालिका की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
अस्पताल में नहीं मिला इलाज
परिजनों और विद्यालय स्टाफ का आरोप है कि जब बालिका को अस्पताल लाया गया, उस समय उसकी सांस चल रही थी, लेकिन अस्पताल में कोई भी डॉक्टर मौजूद नहीं था। यदि समय पर डॉक्टर उपलब्ध होते और इलाज मिल जाता, तो संभवतः बालिका की जान बचाई जा सकती थी। इलाज में हुई देरी के कारण बालिका की मौत हो गई।
सिविल अस्पताल की हालत दयनीय
इस मामले में ग्राम मुलथान के सरपंच देवेंद्र मोदी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बदनावर सिविल अस्पताल की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की घटनाएं एक नहीं बल्कि तीन बार हो चुकी हैं। अस्पताल में न तो समय पर डॉक्टर उपलब्ध रहते हैं, न पर्याप्त स्टाफ और न ही समय पर इलाज मिल पाता है। अस्पताल केवल एक “रेफर सेंटर” बनकर रह गया है।
क्षेत्र में आक्रोश का माहौल
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने स्वास्थ्य व्यवस्था में लापरवाही को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रशासन की ओर से मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।


