मुरैना/शुभम कुलश्रेष्ठ/खबर डिजिटल/ नगर निगम द्वारा आयोजित पशुपतिनाथ महादेव मेले में सोमवार को छेड़छाड़ की एक गंभीर घटना सामने आई है। मेले में घूमने आई चार युवतियों ने एक मनचले युवक की जमकर पि/टाई कर दी। युवक लगातार युवतियों का पीछा कर रहा था और उनके ऊपर भद्दे कमेंट कर रहा था।
मनचला कर रहा था छेड़छाड़
घटना सोमवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। नगर निगम मुरैना की ओर से लगाए गए मेले में चार युवतियां घूमने आई थीं। इसी दौरान एक युवक उनका पीछा करने लगा। युवतियां मेले में जहां भी जातीं, मनचला वहां पहुंचकर छेड़छाड़ करता रहा। युवक की हरकतों से परेशान होकर युवतियों का सब्र टूट गया और उन्होंने मिलकर युवक की पिटाई शुरू कर दी।युवक को पिटता देख आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन युवतियां उसे छोड़ने को तैयार नहीं थीं। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने युवक को युवतियों के चंगुल से छुड़ाया।
घटना का वीडियो वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो पास के झूले पर बैठे एक युवक ने ऊपर से बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई है। कोतवाली थाना टीआई के अनुसार, अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है और आरोपी युवक की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि यदि कोई शिकायतकर्ता सामने आता है, तो आगे की कार्रवाई में आसानी होगी।


