P?c1=2&c2=41463588&cv=3.9
Saturday, April 18, 2026
No menu items!
spot_img
Homeमध्यप्रदेशकटनीसरकारी ठेकेदार बनकर व्यापारी से लाखों की ठगी, 500 बोरी सीमेंट हड़पी;...

सरकारी ठेकेदार बनकर व्यापारी से लाखों की ठगी, 500 बोरी सीमेंट हड़पी; माधवनगर पुलिस ने दर्ज किया मामला


सरकारी ठेकेदार बनकर व्यापारी से लाखों की ठगी, 500 बोरी सीमेंट हड़पी; माधवनगर पुलिस ने दर्ज किया मामला
कटनी – माधवनगर थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ एक शातिर ठग ने खुद को बड़ा सरकारी ठेकेदार बताकर हार्डवेयर व्यापारी से 500 बोरी सीमेंट मंगवाई और भुगतान किए बिना उसे किसी अन्य को बेच दिया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऐसे रची गई ठगी की साजिश
पीड़ित व्यापारी कृष्ण किशोर कटारिया, निवासी बंगला लाइन, जो ‘करण ट्रेडर्स’ के नाम से हार्डवेयर एवं बिल्डिंग मटेरियल का व्यवसाय करते हैं, ने माधवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार 31 अक्टूबर 2025 को राजेश दुबे उर्फ रितेश नामक व्यक्ति उनके प्रतिष्ठान पर पहुँचा और स्वयं को सरकारी ठेकेदार बताया।
आरोपी ने विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए बड़ी मात्रा में सीमेंट की जरूरत बताई और भरोसा दिलाने के लिए अपनी चेकबुक दिखाते हुए करोड़ों के कारोबार का दावा किया। उसकी बातों में आकर व्यापारी ने 290 रुपये प्रति बोरी की दर से कुल 1 लाख 45 हजार रुपये मूल्य की 500 बोरी सीमेंट ट्रक क्रमांक MP 19 HA 3941 से कौड़िया गांव भिजवा दी।

रातों-रात ट्रक खाली कर सीमेंट बेची
जब सीमेंट से भरा ट्रक कौड़िया पहुँचा, तो आरोपी ने जगह की कमी का बहाना बनाकर ट्रक को विशाल कुशवाहा के घर के सामने खड़ा करवा दिया। पीड़ित व्यापारी की गैरमौजूदगी का फायदा उठाते हुए आरोपी ने रात में ट्रक खाली करवा लिया, ड्राइवर को 1000 रुपये खर्ची देकर वापस भेज दिया और पूरी सीमेंट विशाल कुशवाहा को बेच दी।

भुगतान मांगने पर खुला राज
8 नवंबर को जब व्यापारी अपने भाई के साथ भुगतान लेने कौड़िया पहुँचा, तब उसे ठगी का पता चला। पूछताछ में सामने आया कि सीमेंट पहले ही बेच दी गई है।

पुलिस की कार्रवाई
माधवनगर थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी राजेश दुबे पहले भी इसी तरह कई लोगों को ठगी का शिकार बना चुका है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत राजेश दुबे और विशाल कुशवाहा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस सीमेंट की बिक्री, ट्रक के मूवमेंट और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

लेटेस्ट