भोपाल/ खबर डिजिटल/ विश्व एड्स दिवस 2025 के अवसर पर ACHYUTAM FOUNDATION अच्युतम फाउंडेशन ने मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति (MPSACS) के सहयोग से राजधानी भोपाल में मानव श्रृंखला कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान अच्युतम फाउंडेशन की टीम ने हाथ में तख्तियां लेकर सड़क पर चलने वाले युवाओं को एड्स जागरूकता के संदेश दिये। यह कार्यक्रम कई सामाजिक संगठनों के सहयोग से आयोजित किया गया।
एड्स जागरूकता में 1500 से अधिक युवाओं की सहभागिता
अच्युतम फाउंडेशन के एड्स जागरूकता कार्यक्रम में 1,500 से अधिक युवाओं, स्वयंसेवकों और नागरिकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने राजधानी भोपाल के वीआईपी रोड पर मानव श्रृंखला बनाकर नशा मुक्ति, एचआईवी/एड्स जागरूकता और भेदभाव समाप्त करने का संदेश दिए। कार्यक्रम में रेड रिबन क्लब और एनएसएस के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच और उपचार का महत्व समझाया।

अच्युतम फाउंडेशन के साथ कई संस्थाएं रहीं सहभागी
एड्स जागरूकता अभियान में अच्युतम फाउंडेशन के साथ कई स्वयंसेवी संस्थाएं और सामाजिक संगठन भी जुड़े। फाउंडेशन के संस्थापक ने उपस्थित लोगों को एचआईवी से बचाव, नियमित जांच, समय पर उपचार और सामाजिक सहयोग की आवश्यकता पर जानकारी दी तथा जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
संक्रमण के संदेह में जांच जरूरी
परियोजना निदेशक शुचिस्मिता सक्सेना ने बताया कि प्रदेशभर में आईसीटीसी, एआरटी, ओएसटी केंद्र और समग्र देखभाल केंद्र उपलब्ध हैं। जोखिम वाले व्यक्ति नजदीकी आईसीटीसी केंद्र पर जांच कराएं। संक्रमित पाए जाने पर समय पर इलाज से व्यक्ति सामान्य जीवन जी सकता है। उन्होंने गर्भवती महिलाओं से पहली तिमाही में एचआईवी जांच कराने की अपील की।

2030 तक एचआईवी समाप्त करने का लक्ष्य
उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2030 तक एचआईवी को समाप्त करना है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और सुरक्षित जीवनशैली अपनाने की अपील की।
वहीं राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि समाज में एचआईवी को लेकर भ्रम दूर करना और भेदभाव समाप्त करना बेहद जरूरी है।
क्या है अच्युतम फाउंडेशन
अच्युतम फाउंडेशन, मध्यप्रदेश से संचालित एक सामाजिक संस्था है, जो महिलाओं और बच्चों के उत्थान तथा उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही है। संस्था समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने के लिए शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक सहयोग के विभिन्न कार्यक्रम संचालित करती है। इसके साथ ही अच्युतम फाउंडेशन द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान भी नियमित रूप से चलाए जाते हैं, ताकि समाज में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित की जा सके।


