भोपाल, अहमदाबाद में आज हुए विमान हादसे के बाद भारतीय जनता पार्टी ने संवेदनशीलता प्रकट करते हुए प्रदेश में प्रस्तावित सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने दी।
सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने इस हादसे को ‘अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया और शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज मध्यप्रदेश सहित देशभर में पत्रकार वार्ताएं, प्रोफेशनल मीट और विभिन्न जनसंपर्क गतिविधियां निर्धारित थीं, जिन्हें अब तत्काल निरस्त कर दिया गया है।
भाजपा प्रदेश संगठन ने यह निर्णय मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया है। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी जिला, मंडल और प्रकोष्ठ स्तर के कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे कार्यक्रम स्थगन की सूचना स्थानीय स्तर पर भी सुनिश्चित करें।


