आलीराजपुर/कुलदीप खराड़ीया/खबर डिजिटल/ चन्द्रशेखर आजाद नगर (भाबरा) तहसील अंतर्गत ग्राम माथना में प्रस्तावित गिट्टी खनन को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। खनिज शाखा द्वारा शासकीय भूमि पर जारी खनन विज्ञप्ति के विरोध में ग्रामवासियों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) चन्द्रशेखर आजाद नगर को लिखित आपत्ति आवेदन सौंपते हुए खनन पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
नागरिकों ने किया कड़ा विरोध
ग्रामीणों ने बताया कि शासन की शासकीय भूमि सर्वे नंबर 4994, 4995 एवं 1008 (कुल रकबा लगभग 3.300 हेक्टेयर) पर गिट्टी खनन के लिए सुनेना पति कुलदीप डावर, निवासी मेन रोड भाबरा द्वारा आवेदन किया गया है, जिसकी विज्ञप्ति खनिज विभाग द्वारा जारी की जा चुकी है। इस विज्ञप्ति के सामने आने के बाद से ही ग्राम माथना के नागरिकों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
100 मीटर के दायरे में बसे हैं मकान
ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित खनन स्थल के 100 मीटर के दायरे में बड़ी संख्या में आवासीय मकान स्थित हैं। यदि यहां खनन कार्य शुरू किया गया तो मकानों को संरचनात्मक नुकसान, धूल, कंपन और शोर से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव, ग्रामीणों की जान-माल को खतरा जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
गांव के पर्यावरण और जनजीवन पर पड़ेगा असर
ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से कहा कि खनन कार्य से गांव का पर्यावरण, शांति और सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होगा। इसलिए खनिज शाखा द्वारा जारी विज्ञप्ति को तत्काल निरस्त कर उक्त भूमि पर पूर्ण रूप से खनन प्रतिबंध लगाया जाए।
प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने एसडीएम से जनहित को ध्यान में रखते हुए मामले की शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि या क्षति से बचा जा सके।


