आलीराजपुर/ कुलदीप खराड़िया/ खबर डिजिटल/ केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की नोडल अधिकारी निधि केशरवानी ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम फाटा स्थित साईं बाबा बायो रिसोर्स सेंटर पहुंचकर प्राकृतिक खेती से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया और जैविक उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया का अवलोकन किया।
गनबाई मौर्य द्वारा तैयार की जा रही जीवामृत, नीमास्त्र और ब्रह्मास्त्र जैसी प्राकृतिक दवाओं की जानकारी ली गई। नोडल अधिकारी ने कलेक्टर नीतू माथुर के साथ खाटला बैठक कर समूह की दीदियों से प्राकृतिक खेती के लाभ, लागत और फसलों पर इसके सकारात्मक प्रभावों पर चर्चा की। महिलाओं ने बताया कि नियमित उपयोग से उत्पादन बढ़ा है तथा मिट्टी की उर्वरता और जीवांश कार्बन में सुधार हुआ है। केंचुआ खाद, गोबर खाद और सिंदूर के पौधों का भी निरीक्षण किया गया।
नोडल अधिकारी ने स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया और महिलाओं के प्रयासों की सराहना की। इसके बाद ग्राम लक्ष्मणी में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना से स्थापित ऑयल मिल का निरीक्षण किया। संचालक पंकज भयडीया से उत्पादन और विपणन पर चर्चा कर उन्हें प्रोत्साहित किया।
दौरे में कृषि विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी भी उपस्थित रहे।


