Alirajpur News: संजय वाणी/खबर डिजिटल/ जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर नागरिकों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आलीराजपुर पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के निर्देश पर थाना चंद्रशेखर आज़ाद नगर में ‘पुलिस को चालान नहीं, हेलमेट चाहिए’ अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी शिवराम तलवाले ने किया। उनके मार्गदर्शन में पुलिस स्टाफ ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया, यातायात नियमों की जानकारी दी और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व पर जोर दिया।
हेलमेट बैंक बनाने का दिखा असर
अभियान के दौरान स्थानीय समाजसेवियों, व्यापारियों और नागरिकों के सहयोग से जरूरतमंद वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि ‘पुलिस का उद्देश्य चालान करना नहीं, बल्कि लोगों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।’
थाना प्रभारी शिवराम तलवाले ने कहा
टीआई तलवाले ने कहा कि ‘यह अभियान एसपी रघुवंश सिंह के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। हमारा मकसद लोगों को चालान से डराना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। हर व्यक्ति की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए हेलमेट पहनना सभी की जिम्मेदारी है।’ उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों, बाजारों और मुख्य सड़कों पर लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
लोगों को किया आगाह
पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को बताया कि हेलमेट केवल कानूनी आवश्यकता नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा करने वाला कवच है। दुर्घटनाओं में ज्यादातर मौत सिर में गंभीर चोट के कारण होती हैं, जिन्हें हेलमेट पहनकर टाला जा सकता है। वहीं स्थानीय समाजसेवी संगठनों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने इस जनहित अभियान की सराहना की और भविष्य में भी पुलिस के साथ मिलकर ऐसे कार्यक्रमों में सहयोग देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी शिवराम तलवाले समेत पुलिस स्टाफ, समाजसेवी, व्यापारीगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


