Harda News: नौशाद खान/ खबर डिजिटल/ जिले के व्यापारी संघ, कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स(CAIT) और रेडीमेड गारमेन्ट व्यापारी संघ ने हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने को ज्ञापन सौंपा। जिसमें समस्त घंटाघर क्षेत्र में ठेकेदार द्वारा की जा रही वाहन पार्किंग की अवैध वसूली को बंद कर ठेका निरस्त कराये जाने की मांग की गई। आरोप है कि ठेकेदार पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली कर मोटी रकम कमा रहा है, जिसे कुछ प्रभावी लोगों को संरक्षण मिला हुआ है।
व्यापारी हुए एकसाथ लामबंद
व्यापारियों सहित अन्य क्षेत्रवासियों द्वारा की गई शिकायत पर हरदा विधायक डॉ. आरके दोगने द्वारा घंटाघर क्षेत्र में पहुंचकर नगर पालिका परिषद हरदा के संरक्षण में ठेकेदार द्वारा वाहन पार्किंग के नाम पर की जा रही अवैध वसूली का विरोध किया गया। उन्होंने व्यापारियों के साथ हमेशा खड़े रहने की बात की, और इस समस्या का हल होने तक व्यापारियों के साथ खड़े रहने की बात कही।
नियमों के खिलाफ अवैध वसूली – कांग्रेस विधायक
कांग्रेस विधायक डॉ. दोगने द्वारा बताया गया कि टेंडर अनुसार वाहन पार्किंग के लिए निर्धारित की गई जगह सराफा बाजार से नवीन बेकरी तक है, जबकि ठेकेदार द्वारा पूरे घंटाघर क्षेत्र में वाहन पार्किंग का बोर्ड लगाकर अवैध वसूली की जा रही थी। जिसके विरोध में समस्त व्यापारियों और स्थानीय नागरिक जनों के साथ मिलकर घंटाघर क्षेत्र में ठेकेदार द्वारा जगह-जगह लगाए गए अवैध वाहन पार्किंग के बोर्ड को हटाया गया।
एसडीएम हरदा से की विधायक ने चर्चा
इसके पश्चात् हरदा विधायक डॉ. दोगने द्वारा अनुविभागीय अधिकारी हरदा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरदा से फोन पर चर्चा कर ठेकेदार द्वारा की जा रही वाहन पार्किंग की अवैध वसूली तत्काल बंद कराने हेतु निर्देशित किया गया, और ठेकेदार को भी मौके पर चेतावनी दी गई की शासन स्तर से जो क्षेत्र वाहन पार्किंग हेतु निर्धारित किया गया है। सिर्फ वहीं पर वाहन पार्किंग वसूली का कार्य किया जाए। इस दौरान हरदा विधायक डॉ. दोगने के साथ सैकड़ों की संख्या में व्यापारी बंधु व स्थानीय नागरिक जन उपस्थित थे।


