आलीराजपुर/कुलदीप खराड़िया/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर (भाबरा) थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक वाहन से बड़ी मात्रा में अवैध बीयर बरामद की है।
सूचना के आधार पर कार्रवाई
जानकारी के अनुसार बरझर पुलिस चौकी की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध शराब की खेप क्षेत्र से गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव बड़गांव के महेंद्रा तिराहे पर घेराबंदी कर एक Ecco कार को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 25 पेटी अवैध बीयर (लगभग 300 लीटर) बरामद की गई।
गुजरात का निवासी पकड़ाया
पुलिस के अनुसार जब्त की गई बीयर की कीमत करीब 60 हजार रूपये आंकी गई है। मौके से पुलिस ने नितिन मेडा नामक आरोपी को गिरफ्तार किया, जो गुजरात का निवासी बताया जा रहा है। अवैध शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार कीमत लगभग 5 लाख रूपये को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवराम तरोले के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शिवा तोमर, सहायक उपनिरीक्षक सुदीप त्रिवेदी, तथा आरक्षक धर्मेंद्र, रिंकू सिंह, विजय और मुकेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


